लुधियाना के ढंडारी खुर्द में किया गया सुंदरकांड पाठ का आयोजन, उमड़े श्रद्धालु
ढंडारी खुर्द इलाके के प्रेम नगर में सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। पंडित विजय तिवारी ने बताया कि अगर कोई तीन दिन तक विशेष लाभ की प्राप्ति के लिए हनुमान जी की इस स्तुति का पाठ करता है तो कुछ ही समय में सारी समस्याएं खत्म हो जाती हैं।
लुधियाना, जेएनएन। ढंडारी खुर्द इलाके के प्रेम नगर में सुंदरकांड का पाठ किया गया। जिसमें पंडित विजय तिवारी ने अपने मंत्र उच्चारण के साथ पूजन करवाया। पंडित विजय तिवारी ने बताया कि श्री सुंदरकांड के पाठ से हनुमान जी अति शीघ्र प्रसन्न हो जाते हैं। जो लोग नियमित रूप से सुंदरकांड का पाठ करते हैं, उनके सभी दुख दूर हो जाते हैं। इसमें हनुमान ने अपनी बुद्धि और बल से सीता की खोज की है। इसी वजह से सुंदरकांड को हनुमान की सफलता के लिए याद किया जाता है। अगर कोई लगातार तीन दिन तक विशेष लाभ की प्राप्ति के लिए हनुमान जी की इस स्तुति का पाठ करता है तो कुछ ही समय में सारी समस्याएं खत्म हो जाती है।
सुंदरकांड के बारे में जानकार लोग कहते हैं कि यह पाठ समस्या का सबसे अच्छा रामबाण इलाज है। वास्तव में श्रीरामचरितमानस के सुंदरकांड की कथा सबसे अलग हैं, संपूर्ण श्रीरामचरितमानस भगवान श्रीराम के गुणों और उनके पुरुषार्थ को दर्शाती हैं, लेकिन सुंदरकांड एकमात्र ऐसा अध्याय है जिसमें भगवान श्रीराम के भक्त हनुमान की विजय गाथा गाई जाती है।
मनोवैज्ञानिक नजरिए से देखा जाए तो यह आत्मविश्वास और इच्छाशक्ति बढ़ाने वाला कांड भी हैं। सुंदरकांड के पाठ से व्यक्ति को मानसिक शक्ति प्राप्त होती हैं और किसी भी कार्य को पूर्ण करने के लिए आत्मविश्वास मिलता है। इस मौके पर अशोक सिंह, पुष्पा सिंह, प्रियंका दुबे, रजनी देवी, अंजू देवी, रीना देवी, आदि मौजूद रहे।