सुखबीर बादल ने साधा निशाना, कहा-‘बांटो तथा राज करो’ की नीति पर चल रही कांग्रेस Ludhiana News
सुखबीर बादल ने कहा कि कांग्रेस की नापाक चालों को शिअद कभी कामयाब नहीं होने देगी। कांग्रेस सरकार को धार्मिक मसलों में दखल देने की बजाय प्रशासन की तरफ ध्यान देना चाहिए।
लुधियाना, जेएनएन। कांग्रेस पार्टी शुरू से ही सिखों के खिलाफ रही है। कांग्रेस ने श्री अकाल तख्त साहिब पर भी तोपों और टैंक से हमला करवाया था। अब उनके कैबिनेट मंत्री भारत भूषण आशु सिख युवक की पगड़ी उतार रहे हैं। यह निशाना साधा पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने। वह दाखा उपचुनाव में पार्टी के प्रत्याशी मनप्रीत अय्याली के समर्थन में रैलियों को संबोधित कर रहे थे।
बता दें कि हाल ही में एक सिख कांग्रेसी वर्कर ने मंत्री आशु पर मारपीट करने और उसकी पगड़ी उतारने के आरोप लगाए थे। बाद में पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर उस पर लूट का केस दर्ज कर दिया। सुखबीर इसी मामले में कांग्रेस पर हमला बोले रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा सिखों को बांटने की भी कोशिश की है। 550वें प्रकाश पर्व पर मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह कांग्रेस पार्टी की ‘बांटो तथा राज करो’ की नीति पर चल रहे हैं। श्री अकाल तख्त साहिब के मंच के विरुद्ध कांग्रेस अपना अलग से पंडाल सजा रही है, जो सिखों को बांटने की साजिश है।
उन्होंने कहा कि शिरोमणि अकाली दल इन नापाक चालों में कांग्रेस को कामयाब नहीं होने देगी। कांग्रेस सरकार को सिखों के धार्मिक मसलों में दखल देने की बजाय प्रशासन की तरफ ध्यान देना चाहिए। सुखबीर ने आरोप लगाते कहा कि कांग्रेस की सरकार में अब तो नशा होम डिलीवरी होने लगा है, क्योंकि कांग्रेसी मंत्री और विधायक की शह पर ही ड्रग माफिया चल रहा है। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के सलाहकार महेशइंदर सिंह गरेवाल, विधायक शरणजीत सिंह ढिल्लों आदि उपस्थित रहे।
‘बिट्टू दो बार सांसद बने पर नहीं करवाया कोई काम’
सुखबीर बादल ने सांसद रवनीत सिंह बिट्टू पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सांसद बिट्टू लुधियाना संसदीय क्षेत्र से दो बार जीत चुके हैं, पर उन्होंने इस क्षेत्र में कोई काम नहीं करवाया है। इसके अलावा कांग्रेस उम्मीदवार संदीप संधू पैराशूट से चुनाव में उतरे हैं और वह तो दाखा क्षेत्र के 10 गांवों के नाम भी नहीं जानते हैं।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें