पंजाब में सरपट दौड़ेगी ट्रेन, कई ट्रैकों को किया गया ठीक, 130 किमी प्रति घंटे तक होगी रफ्तार
पंजाब में ट्रेनों की रफ्तार बढ़ेगी। पिछले नौ महीने में रेलवे के इंजीनियर विंग ने 2765 किलोमीटर ट्रैक को दुरुस्त किया है। लुधियाना साहनेवाल ट्रैक पर अब ट्रेन 110 की जगह 130 किमी प्रति घंटा के हिसाब से दौड़ेगी।
फिरोजपुर [संजय वर्मा]। फिरोजपुर डिवीजन के कई रूटों पर ट्रेनों की रफ्तार तेज होने वाली है। डिवीजन के चीफ इंजीनियर हेमेंद्र कुमार ने बताया कि पिछले नौ महीने में रेलवे के इंजीनियर विंग ने 2765 किलोमीटर ट्रैक को दुरुस्त किया है। इसके 48 हजार प्वाइंट्स को वेल्ड (ट्रैक ज्वाइंट) कर आटोसोनिक परीक्षण किया गया है। इससे इन ट्रैकों पर ट्रेनों की रफ्तार बढ़ेगी।
हेमेंद्र कुमार ने बताया कि अब लुधियाना से फिरोजपुर ट्रैक पर ट्रेन 95 की जगह 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेगी। इसी तरह जालंधर से फिरोजपुर रूट पर ट्रेन की रफ्तार 110 होगी। लुधियाना साहनेवाल ट्रैक को सुपरफास्ट बनाने लिए दीवार खड़ी की गई है, जिसके बाद ट्रेन 110 की जगह 130 किमी प्रति घंटा के हिसाब से ट्रेन चलेगी। लुधियाना से धूूरी ट्रैक पर रफ्तार 100 की जगह 110 किमी की गई है। अमृतसर से खेमकरण ट्रैक पर ट्रेन 60 की जगह 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेगी। इससे जालंधर व लुधियाना से फिरोजपुर का सफर अब कम समय में होगा।
उन्होंने बताया कि फिरोजपुर डिवीजन के तहत 2765 किलोमीटर ट्रैक साहनेवाल-जम्मूतवी-श्री माता वैष्णो देवी कटरा तथा अमृतसर के मुख्य रूट के साथ पंजाब के सभी जिला मुख्यालयों को जोड़ता है। इसमें 60 प्रतिशत ट्रैक वेल्ड हैं। इनमें लगभग एक लाख वेल्ड हैं। हर साल 12 से 13 हजार वेल्ड का अल्ट्रासोनिक परीक्षण किया जाता है। इस बार अप्रैल 2020 से दिसंबर तक 48 हजार से अधिक वेल्ड का अल्ट्रासोनिक परीक्षण किया गया, जो कि पिछले वर्षों से तीन गुना ज्यादा है।
दूसरे ट्रैक पर भी ट्रेन की रफ्तार बढ़ाए जाने का काम जारी
हेमेंद्र कुमार ने कहा कि 2021 में फिरोजपुर डिवीजन के कई दूसरे ट्रैक पर भी ट्रेन की रफ्तार बढ़ाए जाने का काम जारी है, जिससे यात्रियों का समय बचेगा। उधर, फिरोजपुर मंडल के इंजीनियङ्क्षरग विभाग की इस उपलब्धि पर उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक आशुतोष गंगल ने एक लाख रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।