खन्ना में फ्लाईओवर धंसने पर शिवसेना ने कसा तंज, कहा-चूहे केवल बहाना,भ्रष्टाचार छिपाना मकसद
शिवसेना पंजाब ने खन्ना में नेशनल हाईवे पर फ्लाई ओवर के धंसने को लेकर हाईवे अथारिटी और कम्पनी सोमल आइसोलेक्स पर ताना कसा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि फ्लाईओवर में हुए भ्रष्टाचार की जांच की जाए।
खन्ना, (लुधियाना) जेएनएन। शिवसेना पंजाब ने नेशनल हाईवे पर फ्लाई ओवर के धंसने को लेकर हाइवे अथारिटी और कम्पनी सोमल आइसोलेक्स पर ताना कसा है। पार्टी नेताओं महंत कश्मीर गिरी और अवतार मौर्या ने कहा कि चूहों की वजह से फ्लाई ओवर धंसने का तर्क मात्र एक बहाना है। असल में मकसद इस लापरवाही के पीछे के भ्र्ष्टाचार और भष्टाचारियों को छिपाना है।
नेताओं ने कहा कि ऐसे कौन से पहलवान चूहे आ गए हैं जो हाईवे पर बना हुआ इतना बड़ा फ्लाईओवर गिराने की फिराक में है और काफी हद तक कामयाब भी हो गए हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि फ्लाईओवर में हुए भ्रष्टाचार की जांच की जाए। यह साफ हो गया है कि घटिया निर्माण सामग्री का इस्तेमाल कर सरकार को चूना लगाया गया है। इसकी उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए।
अपने फायदे के लिए लोगों की जान को खतरे में डालना देशद्रोह से कम नहीं है। ऐसे लोगों को बख्शा नहीं जा सकता। गिरी और मौर्या ने कहा कि सरकार के बड़े नेता भी इसमें शामिल हो सकते है। खन्ना के नेता भी इस मसले पर चुप्पी साधे बैठे हैं। यह बहुत चिंता की बात है। इस दौरान विपन कथूरिया भी मौजूद रहे।
शराब तस्करी भी बढ़ रही
शिवसेना नेताओं ने कहा कि खन्ना में शराब तस्करी के मामले भी बढ़ रहे है। नकली शराब बनाने की फैक्ट्री के बड़े साजिशकर्ता अभी पहुंच से बाहर हैं। अगर कोई गरीब नाजायज एक बोतल के साथ पकड़ा जाता है तो पुलिस उसके पूरे परिवार को उठा कर थाने ले जाती है लेकिन इतने बड़े बड़े घोटाले और शराब माफिया का गिरोह काम कर रहा है अभी तक उन पर कोई बड़ी कार्रवाई नहीं हुई।