कपड़े की दुकानों में चोरी करने वाली सात महिलाएं व युवक गिरफ्तार
सुबह सुबह कपड़े की दुकानों में चोरी व लूटपाट करने वाली महिलाओं का गिरोह पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
जासं, लुधियाना : सुबह सुबह कपड़े की दुकानों में चोरी व लूटपाट करने वाली महिलाओं का गिरोह पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वीरवार को पुलिस ने सात महिलाओं को गिरफ्तार किया है। गैंग की कुछ सदस्याएं अभी भी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस के अनुसार महिलाओं के गैंग में दस से 12 महिलाएं हैं। महिलाएं देर रात दो बजे से तड़के चार बजे के बीच चोरी की घटनाओं को अंजाम देती थी और कपड़ा चोरी के करने के बाद सस्ते दाम पर बेच देती थी। यह कई दुकानों में चोरी कर चुकी हैं। सलेमटाबरी में भी कुछ दिन पहले इन्होंने चोरी की थी जिसके बाद पुलिस लगातार इनको ट्रेस करने में जुटी थी। सलेम टाबरी थाने की पुलिस ने गैंग की सात महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है और अब उनसे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस कमिश्नर राकेश अग्रवाल ने बताया कि यह महिलाएं बड़ी शातिर हैं। शटर काटकर दुकानों में चोरी करती थी। उन्होंने बताया कि महिलाओं ने कई घटनाओं को अंजाम दिया था। कुछ दिन पहले सलेम टाबरी इलाके में एक दुकान से ढाई लाख रुपये का कपड़ा चोरी किया था। नवंबर 2019 में मॉडल टाउन में कुछ दुकानों के शटर एक साथ तोड़े थे और वहां से करीब 30 लाख रुपये का कपड़ा चुराया।
सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि इनमें से कुछ महिलाएं दुकान का ताला तोड़ती हैं और कुछ बाहर रहकर रेकी करती हैं। यह बड़े बड़े बैग लेकर उनमें कपड़े भरकर ले जाती थी। कमिश्नर ने बताया कि पुलिस ने इनके गैंग में एक युवक भी शामिल था। उन्होंने बताया कि पारस, पम्मी, पायल, चोटी, निक्की, बबली, काजल, सिम्मा को गिरफ्तार किया है। यह सभी महिलाएं मुल्लापुर स्टेशन के पास झुग्गियों में रहती हैं।