भाजपाइयाें की लड़ाई सोशल मीडिया पर अाई, FB Live होकर गोसाई ने लगाए देबी, अरोड़ा पर आरोप
शनिवार को पूर्व सेहत मंत्री सतपाल गोसाई ने फेसबुक लाइव होकर प्रदेश कोषाध्यक्ष गुरदेव शर्मा देबी व सह कोषाध्यक्ष रविंदर अरोड़ा पर आरोप लगाए हैं।
लुधियाना, जेएनएन। भाजपा के प्रदेश स्तरीय नेताओं की लड़ाई अब सोशल मीडिया पर पहुंच गई है। शनिवार को पूर्व सेहत मंत्री सतपाल गोसाई ने फेसबुक लाइव होकर प्रदेश कोषाध्यक्ष गुरदेव शर्मा देबी व सह कोषाध्यक्ष रविंदर अरोड़ा पर आरोप लगाए हैं। गोसाई ने देबी के खिलाफ पुलिस में दी शिकायत का जिक्र करते हुए कहा कि दस दिन के भीतर पुलिस ने कार्रवाई नहीं की, तो पुलिस कमिश्नर कार्यालय के सामने भूख हड़ताल पर बैठ जाएंगे।
गुरदेव शर्मा देबी से अपने परिवार को खतरा बताते हुए गोसाई ने कहा कि अगर उन्हें कुछ हो गया, तो इसके जिम्मेदार देबी होंगे। गोसाई ने दोनो नेताओं पर आरोप लगाते हुए कहा कि इन दोनों की वजह से पार्टी का बड़ा नुकसान हुआ है। सेंट्रल विधानसभा से जितने भी लोग भाजपा की टिकट के दावेदार थे, उन्हें एक-एक करके टारगेट किया गया। इनमें डॉक्टर सुभाष शर्मा, पूर्व एडीसीपी सतीश मल्होत्रा व विपिन सूद काका प्रमुख रूप से शामिल रहे। इसके अलावा गुरदीप सिंह नीटू व परमिंदर मेहता ने भाजपा छोड़ कांग्रेस ज्वाइन कर ली।
गोसाई ने आरोप लगाया कि भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रवीण बांसल व पार्षद इंद्र अग्रवाल को भी इन दोनों नेताओं ने प्रताड़ित किया। बता दें कि दो दिन पहले गुरदेव शर्मा देबी ने प्रेस कांफ्रेस कर गोसाई व नीटू को चेतावनी दी थी कि एक सप्ताह के भीतर लगाए गए आरोप पर माफी नहीं मांगी, तो उनके खिलाफ मानहानि का दावा किया जाएगा।
सतपाल गोसाई, अमित गोसाईं व नीटू के खिलाफ दर्ज करवाएंगे मानहानि का दावा
गोसाई द्वारा लगाए गए सभी आरोप निराधार हैं, जबसे पार्टी ने सेंट्रल विधानसभा से टिकट मुझे दी थी तभी से गोसाई मेरे से रंजिश रखे हुए हैं। सतपाल गोसाई, अमित गोसाई, गुरदीप ¨सह नीटू के खिलाफ मानहानि दावा करने जा रहा हूं। गुरदेव शर्मा देबी, भाजपा के प्रदेश कोषाध्यक्ष
गोसाई हमारे बुजुर्ग हैं, लेकिन अच्छा होता यह आरोप पार्टी प्लेटफार्म पर लगाते। मुझे उन पर कोई भी टिप्पणी नहीं करनी है, लेकिन अच्छा होता वे यह सारे आरोप पार्टी प्लेटफार्म पर लगाते। रविंदर अरोड़ा भाजपा के प्रदेश सह कोषाध्यक्ष व पूर्व जिला अध्यक्ष