सतलुज क्लब चुनाव : छह पदों के लिए 11 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला आज
मतदान के लिए 12 बूथ क्लब लान में बनाए गए हैं। एंट्री थर्मल स्क्रीनिंग के बाद होगी। बिना मास्क क्लब परिसर में जाने की इजाजत नहीं है। अगर कोई व्यक्ति बिना मास्क के पहुंच जाता है तो क्लब उसे मास्क उपलब्ध करवाएगा। वोटिंग से पहले हाथ सैनिटाइज करने होंगे।
लुधियाना, जेएनएन। कोरोना के कारण इस बार सतलुज क्लब का चुनाव देरी से हो रहा है। आखिर वो घड़ी आ ही गई। 24 अक्टूबर दिन शनिवार को होने वाले चुनाव में छह पदों के लिए 11 उम्मीदवार मैदान में हैं। 3280 सदस्य क्लब प्रबंधन कार्यकारिणी के चुनाव के लिए सुबह नौ से शाम पांच बजे तक मतदान करेंगे और वह इन 11 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे।
चुनाव अधिकारी एडीसी अमरजीत सिंह बैंस और एडीसी नीरु कत्याल की देखरेख में होने वाले इस मतदान के तुरंत बाद मतगणना शुरू हो जाएगी। देर शाम नतीजे भी घोषित हो जाएंगे। इससे पहले पांच पदों के लिए उम्मीदवार निर्विरोध निवार्चित हो चुके हैं। जानकारों का कहना है कि चूंकि पांच महत्वपूर्ण पद के लिए उम्मीदवार निर्विरोध विजेता घोषित हो चुके हैं तो इस कारण मतदान कम होने की संभावना है।
मास्क के बिना नहीं होगी एंट्री
मतदान के लिए 12 बूथ क्लब लान में बनाए गए हैं। एंट्री थर्मल स्क्रीनिंग के बाद होगी। बिना मास्क क्लब परिसर में जाने की इजाजत नहीं है। अगर कोई व्यक्ति बिना मास्क के पहुंच जाता है तो क्लब उसे मास्क उपलब्ध करवाएगा। वोटिंग से पहले हाथ सैनिटाइज करने होंगे। फिजिकल डिस्टेंसिंग के पालन के लिए कम से कम छह फुट की दूरी रखनी होगी।