आरएसएस कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने घरों में की प्रकृति पूजा, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
आरएसएस के आह्ववान पर रविवार को पूरे देश में लगभग एक करोड़ परिवार एक साथ एक समय पर अपने घरों में पौधों की पूजा कर रहे है।
लुधियाना, जेएनएन। आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के संदेश के साथ कार्यकर्ताओं ने परिवार के साथ घरों में की पौधों की पूजा। इस मौके पर सदस्यों ने प्रकृति संरक्षण का संकल्प लिया। पूजन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पौधे और वृक्षों को मोली बांधी और मंत्रोच्चार के साथ पूजन किया। इस मौके पर आरएसएस के कार्यकर्ताओं ने ऑनलाइन मोहन भागवत का संदेश सुना। उन्होंने अपील की कि इस समय प्रकृति संरक्षण बेहद जरूरी है। इस कार्यक्रम के जरिये आम लोगों को प्रकृति से जुड़ने का संदेश दिया गया। लुधियाना में सभी कार्यकर्ताओं ने अपने घरों में यह पूजन किया।
दरअसल, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पर्यावरण संरक्षण गतिविधि विभाग तथा हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा फाउंडेशन के आह्ववान पर रविवार को पूरे देश में लगभग एक करोड़ परिवार एक साथ एक समय पर अपने घरों में पौधों की पूजा कर रहे है। संघ ने इस कार्यक्रम को 'प्रकृति वंदन' नाम दिया है।
लोगों में भूमि संरक्षण के प्रति श्रद्धा एवं सम्मान का भाव जगाना उद्देश्य
आरएसएस पर्यावरण संरक्षण को लेकर काफी जागरूक है। संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत हमेशा पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने पर जोर देते रहते हैं। इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को पर्यावरण व प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। इसके साथ ही भूमि संरक्षण के प्रति श्रद्धा व सम्मान का भाव जगाना भी उद्देश्य है। इसके अलावा लोगों को नैतिकता, संस्कार और प्राचीन मूल्यों की ओर फिर से उन्मुख करना है।