तेरापंथ समाज ने मुमुक्षु रौनक के सम्मान में रखा मंगल भावना समारोह
सुखद आश्चर्य होता है कि इस भौतिकता भरे युग में जहां व्यक्ति निरंतर भोग की ओर आगे बढ़ रहा है।
संस, लुधियाना : सुखद आश्चर्य होता है कि इस भौतिकता भरे युग में जहां व्यक्ति निरंतर भोग की ओर आगे बढ़ रहा है। वहीं दीक्षा की ओर अग्रसर मुमुक्षु रौनक उत्कृष्ट वैराग्य के साथ संयम के पथ पर आगे बढ़ रही है। इस प्रकार का पराक्रम निसंदेह विरले ही कर पाते है। उक्त विचार महातपस्वी, मनीषी संत मुनि हिमाशु कुमार ने तेरापंथ भवन में दीक्षार्थी मुमक्षु रौनक के मंगल भावना समारोह के दौरान कहे। कार्यक्रम का शुभारंभ नमस्कार महामंत्र से हुआ। इस दौरान महिला मंडल की ओर से जया बुच्चा ने सुंदर भजन की प्रस्तुति दी। मुनि श्री ने कहा कि 18 जनवरी 2020 को आचार्य श्री महाश्रमण के सानिध्य में मुमुक्षु रौनक की दीक्षा कर्नाटक की पावन धरा पर होगी। यह परम सौभाग्य की बात है कि लुधियाना तेरापंथ समाज मुमुक्षु रौनक के प्रति मंगल भावना प्रकट कर रहा है। उन्होंने मुमुक्षु रौनक के प्रति अपनी मंगल भावना प्रकट की। उन्होंने त्याग व संयम के साथ देव गुरु धर्म के प्रति निष्ठावान बने रहने की प्रेरणा दी।
उन्होंने आगे कहा कि राजस्थान के असाडा, बाडमेर की बेटी दीक्षा ग्रहण करने जा रही है जो कि बहुत ही विरला व महान कार्य है। उन्होंने मुमुक्षु के प्रति अपनी मंगल भावना प्रकट की। इस अवसर पर तेरापंथी सभाध्यक्ष रायचंद जैन चौरडिया, तेरापंथ युवक परिषद अध्यक्ष तरुण जैन सुराणा, मंत्री धीरज सेठिया, महिला मंडल अध्यक्ष मंजू बैद, उपासिका विनोद देवी सुराणा, महिला मंडल मंत्री इंदु सेठिया, राज कुमार बुच्चा, जया बुच्चा, अभय राज सिघी ने अपने विचार व्यक्त किए। एवं मुमुक्षु बहिन रौनक को साहित्य भेंट कर मंगला कामना प्रकट की। मुनि श्री के मंगल पाठ से कार्यक्रम का समापन हुआ।