जगराओं रेलवे पुल की डेडलाइन फिर बढ़ी, जनवरी महीने के अंत तक पूरा होगा काम Ludhiana News
जगराओं पुल के निर्माण कार्य के लिए रेलवे ने इसकी डेडलाइन एक महीने के लिए और बढ़ा दी है। कांट्रेक्टर को जनवरी के अंत तक पुल तैयार कर रेलवे को सौंपना होगा।
लुधियाना, जेएनएन। जगराओं रेल पुल निर्माण में तेजी लाई जा रही है। पुल के ढांचा को निर्धारित जगह पर फिक्स करने के लिए कर्मचारी जुटे हैं। ढांचे के नीचे लगे सपोर्ट को खोलने में करीब 40 फीसद काम हुआ है। वहीं पुल के निर्माण कार्य के लिए रेलवे ने इसकी डेडलाइन एक महीने के लिए और बढ़ा दी है। कांट्रेक्टर को जनवरी के अंत तक पुल तैयार कर रेलवे को सौंपना होगा।
रेल अधिकारी बताते हैं कि कांट्रेक्टर को नोटिस जारी किया गया था। उन्होंने जवाब में एक माह की मोहलत मांगी जिसे रेलवे ने स्वीकार कर लिया है। इंजीनियर के मुताबिक, पुल को अभी निर्धारित जगह पर फिक्स करने में एक महीना लग जाएगा। इसके साथ ही पुल निर्माण पूरा करने के लिए ट्रैक ब्लॉक भी लगातार दिए जा रहे हैं।
जगराओं रेल पुल निर्माण पूरा होने के बारे में फिरोजपुर रेल मंडल के डीाअरएम राजेश अग्रवाल ने कहा कि पुल निर्माण में तेजी आई है। जनवरी में रेल पुल को बनाने का काम पूरा हो जाएगा। इसके लिए लगातार कार्य पर नजर रखी जा रही है।
रविवार को चार घंटे तक रहा रेल ट्रैक ब्लॉक
रविवार को सुबह 10 से दो बजे तक रेल ट्रैक ब्लॉक दिया गया। ट्रैक नंबर एक से चार तक ब्लॉक होने से ट्रेनों को दूसरे ट्रैक से गुजारा गया। स्टेशन अधीक्षक अशोक सिंह सलारिया ने कहा कि पुल निर्माण पहले ही काफी लेट हो चुका है। शीर्ष अधिकारी का निर्देश है कि काट्रेक्टर जब भी ट्रैक ब्लॉक मांगे, तुरंत देना ताकि रेल पुल जल्द पूरा हो सके।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें