दाखा उपचुनाव: वर्ष 2017 के मुकाबले इस बार 9.88 फीसद कम हुआ मतदान Ludhiana News
दाखा में पोलिंग के दौरान वोट करने में महिलाओं की भी अच्छी खासी भागीदारी रही। पुरुषों का मतदान प्रतिशत 72.48 रहा तो 70.69 फीसद महिलाओं ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
लुधियाना, [भूपेंदर सिंह भाटिया]। भय, तनाव, फाय और आरोप-प्रत्यारोप के बीच सोमवार को दाखा उपचुनाव का मतदान संपन्न हुआ। पिछले चुनाव के मुकाबले इस बार 9.88 फीसद कम मतदान हुआ। 2017 में दाखा में 81.52 फीसद मतदान हुआ था, जबकि 2012 की बात करें तो 84.41 फीसद मतदान रिकाॅर्ड हुआ था, लेकिन इस बार मतदान प्रतिशत घटकर 71.64 फीसद पहुंच गया।
हालांकि प्रशासन ने मतदान के लिए सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए थे, लेकिन मतदान की पूर्व संध्या तक कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल के समर्थकों के बीच मारपीट की घटनाओं ने मतदाताओं को घर में बैठने को मजबूर कर दिया। चुनाव के विशेषज्ञ 71.64 फीसद मतदान को भी काफी मान रहे हैं और इससे सत्ता पक्ष की चिंताएं बढ़ गई हैं कि ज्यादा मतदान उनके लिए नुकसान न हो जाए।
महिलाओं की रही खासी भागीदारी
वोट करने में महिलाओं की भी अच्छी खासी भागीदारी रही। पुरुषों का मतदान प्रतिशत 72.48 रहा तो 70.69 फीसद महिलाओं ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया। साथ ही 11 उम्मीदवारों की किस्मत अब ईवीएम में बंद हो गई है। 24 अक्टूबर को गुरुसर सुधार स्थित गुरुहरगोबिंद कॉलेज में विजेता का फैसला होगा। सुबह मतदान शुरू होने पर पहले दो घंटे में मतदान की गति काफी धीमी थी और नौ बजे तक पंजाब के अन्य तीन उपचुनाव के मुकाबले सबसे कम (6.54 फीसद) मतदान हुआ। नौ बजे माहौल शांत रहने पर लोगों ने घरों से निकलना शुरू किया।
शिरोमणि अकाली दल का रहा है कब्जा
दाखा विधासनभा सीट पर हमेशा से ही शिरोमणि अकाली दल का कब्जा रहा है और 12 बार हुए चुनाव में कांग्रेस सिर्फ तीन बार ही जीत पाई है, जबकि आठ बार शिरोमणि अकाली दल ने यहां कब्जा किया है। आम आदमी पार्टी को एक बार इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला है, जबकि लोक इंसाफ पार्टी खाता खोलने की जुगत में लगी है। देखना यह है कि 12 साल पहले दाखा सीट गंवाने वाली कांग्रेस और साढ़े सात साल पहले इस सीट को खोने वाली शिरोमणि अकाली दल क्या अपनी साख बचा पाएगी या नहीं।
दाखा से अब तक विधानसभा में पहुंचने वाले विधायक
2017: एचएस फूलका (आप)
2012: मनप्रीत अयाली (शिअद)
2007: दर्शन शिवालिक (शिअद)
2002: मलकीय सिंह दाखा (कांग्रेस)
1997: बिक्रमजीत सिंह (शिअद)
1992: मलकीत सिंह (कांग्रेस)
1985: बसंत सिंह (शिअद)
1980: बसंत सिंह (शिअद)
1977: चरणजीत सिंह (शिअद)
1972: बसंत सिंह (शिअद)
1969: बसंत सिंह (शिअद)
1967: जगीर सिंह (कांग्रेस)
दाखा में मतदान की गति
सुबह 9.00 बजे तक 6.54 फीसद
सुबह 11.00 बजे तक 23.76 फीसद
दोपहर 1.00 बजे तक 39.19 फीसद
दोपहर 3.00 बजे तक 50.80 फीसद
शाम 5.00 बजे तक 64.35 फीसद
मतदान समाप्ति तक 71.64 फीसद
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें