सरकार की अनदेखी का शिकार हो रहे पनग्रेन व अन्य गोदाम, कर्मचारी भी धक्केशाही के शिकार
पनग्रेन की अोर से ड्यूटी भत्तों में की 50 प्रतिशत कटौती कारण गेंहू भंडारों की रखवाली करने में भारी मुश्किलें आ रही हैं। साप्ताहिक आराम बंद कर 12 घंटे ड्यूटी से काम चलाया जा रहा है।
जगराओं, जेएनएन। सूबे भर के किसानों की कड़ी मेहनत से उगाए अनाज को पंजाब सरकार ने विभिन्न एजेंसियों के दामों में गेंहू व धान स्टोर कर रखा हुआ है, ताकि समय-समय पर जनता का पेट भरने के लिए अनाज प्रयोग में लाया जा सके। पंजाब सरकार ने जिन गोदामों में गेंहू व धान को स्टोर कर रखा है, वहां की सुरक्षा व साफ-सफाई राम भरोसे है।
इस संबंध में दैनिक जागरण ने क्लास फॉर गवर्नमेंट इम्प्लाइंज यूनियन पंजाब खुराक व सप्लाई विभाग स्टेट सब कमेटी पंजाब के नेताओं ने प्रधान रणजीत सिंह राणवां व गुरमीत सिंह मिड्डा वाइस प्रधान से बातचीत की, तो उन्होंने कहा कि गाेदामों में कर्मचारियों की ओर से सुरक्षा तो की जा रही है लेकिन उनके अधिकार बिल्कुल सीमित कर दिए हैं। राणवां ने कहा कि एमडी पनग्रेन की अोर से ड्यूटी भत्तों में की 50 प्रतिशत कटौती कारण गेंहू भंडारों की रखवाली करने में भारी मुश्किलें आ रही हैं। साप्ताहिक आराम बंद करके 12 घंटे ड्यूटी लेकर काम चलाया जा रहा है। राणवां व मिड्डा ने कहा कि फूड ग्रेन एजेंसियों में कानूनों की सरेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। अनेक स्टोरेज केंद्रों के कर्मचारियों को पूरा वेतन नही दिया जा रहा है। सुरक्षाकर्मियों से लेबर का काम भी लिया जा रहा है।
गत 30 अगस्त को संगरूर जिले के भवानीगढ़ केंद्र पर पनग्रेन के गोदामों में ड्यूटी पर केवल दो कर्मचारी होने कारण रात को गेंहू चोरी करने आए चोरों द्वारा एक नौजवान सिक्योरिटी गार्ड का कत्ल कर दिया गया था। दोषी अभी तक फरार है। इसी तरह जगराओं केंद्र में भी एक बंद गोदाम का चोरों की ओर से शटर तोड़ा गया, ड्यूटी कर्मचारियो की चुस्ती कारण नुकसान से बच गया। चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं। जगराओं में शेरपुर रोड पर स्थित सरकारी गोदामों मे करीब एक महीने से लाइट नहीं है। बिजली विभाग मीटर भी निकाल कर ले गए हैं। इसके अलावा 28 फरवरी से सेवामुक्त पीआर चौकीदारों को पैंशन और बनते लाभ नहीं दिए जा रहे।
रणजीत राणवां व गुरमीत मिड्डा ने कहा कि उन्होंमे वित्त व खुराक सप्लाई विभाग की धक्केशाहियों विरूद्ध 13 अक्टूबर को मुख्यमंत्री के शहर पटियाला में पंजाब सरकार को धक्केशाही पुरस्कार से सम्मानित करने का फैसला किया गया है।