जेल के बाथरूम में पजामे के नाड़े से कैदी ने फंदा लगा की आत्महत्या
चोरी के मामले में विचाराधीन कैदी ने फंदा लगा आत्महत्या कर ली। बुधवार रात उसका शव बैरक से सटे बाथरूम में पजामे के नाड़े के सहारे लटका मिला।
जासं, लुधियाना। चोरी के मामले में विचाराधीन कैदी ने फंदा लगा आत्महत्या कर ली। बुधवार रात उसका शव बैरक से सटे बाथरूम में पजामे के नाड़े के सहारे लटका मिला। सूचना मिलने पर पहुंची थाना डिवीजन नंबर 7 पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया। उसका पोस्टमार्टम वीरवार को डॉक्टरों के बोर्ड द्वारा ड्यूटी मजिस्ट्रेट की निगरानी में किया जाएगा।
जेल सुपरिंटेंडेंट शमशेर सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान न्यू दशमेश नगर निवासी लिवतार सिंह पुत्र प्रितपाल सिंह के रूप में हुई। थाना शिमला पुरी पुलिस ने उसके खिलाफ चोरी के आरोप में केस दर्ज करके जेल भेजा था। बुधवार शाम सात बजे सभी कैदी व हवालातियों को बैरकों में बंद कर दिया गया। करीब 8 बजे बाथरूम में गए एक कैदी ने लिवतार का शव ग्रिल के साथ लटकता देख कर शोर मचाया, जिसके बाद पहुंची जेल गार्द ने उसे नीचे उतारा उतारा। शमशेर सिंह ने कहा कि मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। मामले की जांच जारी है। उधर, सिविल अस्पताल में परिजनों ने आरोप लगाया कि उक्त कैदी की हत्या की गई है।