बद्दोवाल अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझी, दो गिरफ्तार
गांव बद्दोवाल में एक युवक का कत्ल कर विक्टोरिया गार्डन कालोनी के गटर में फेंक दिया गया था।
संस, जगराओं : गांव बद्दोवाल में एक युवक का कत्ल कर विक्टोरिया गार्डन कालोनी के गटर में फेंक दिया गया था। पुलिस ने इस गुत्थी को सुलझाते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। मृतक की पहचान जश्नप्रीत सिंह के तौर पर हुई थी।
एसएसपी चरनजीत सिंह सोहल ने बताया कि जश्नप्रीत के पिता गुरदेव सिंह ने बताया था कि उनका लड़का सीनियर सेकेंडरी स्कूल हसनपुरा में 12वीं कक्षा का छात्र था। 21 नवंबर रात को आठ बजे उसे किसी का फोन आया और वह अपनी मां सर्वजीत कौर को यह कह कर चला गया था कि वह 10-15 मिनट में वापस आ रहा है, लेकिन वह वापस नहीं लौटा। बाद में उसका शव गटर में मिला था। इस कत्ल की गुत्थी को सुलझाने के लिए डीएसपी (डी) राजेश कुमार, डीएसपी गुरबंस सिंह, थाना दाखा के प्रभारी इंस्पेक्टर प्रेम सिंह और एसआइ किरणदीप कौर की टीम बनाई गई। जांच के दौरान पुलिस ने संदीप सिंह उर्फ रवि व अक नाबालिग लड़के को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उन्होंने जश्नप्रीत सिंह के कत्ल की बात कबूल की।
संदीप की रिश्तेदार से जश्नप्रीत के संबंध
एसएसपी ने बताया कि संदीप सिंह की एक नजदीकी रिश्तेदार लडकी के साथ जश्नप्रीत के संबंध थे। इसी रंजिश में संदीप ने अपने नाबालिग साथी के साथ मिलकर जश्नप्रीत को रात के समय फोन करके बुलाया। कालोनी में एक खाली प्लाट में बैठकर तीनों ने शराब पी। उसी दौरान इनकी आपस में तकरार हो गई और संदीप सिंह और उसके साथी ने जश्नप्रीत के सिर पर ईटे मार उसका कत्ल कर दिया। बाद में उन्होंने उसका शव गटर में फेंक दिया था। एसएसपी ने बताया कि वारदात में इस्तेमाल किया गया मोटरसाइकिल और जश्नप्रीत सिंह का मोबाइल भी बरामद कर लिया गया है।