धमकियों से परेशान शिमलापुरी का व्यक्ति सुसाइड नोट छोड़ लापता
लेनदारों की धमकियों से परेशान शिमलापुरी के प्रीत नगर में रहने वाला व्यक्ति सुसाइड नोट लिखकर लापता हो गया।
जागरण संवाददाता, लुधियाना : लेनदारों की धमकियों से परेशान शिमलापुरी के प्रीत नगर में रहने वाला व्यक्ति सुसाइड नोट लिखकर लापता हो गया। पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की तो उसकी पत्नी ने डीजीपी को शिकायत देकर पति को तलाश करने की गुहार लगाई है। प्रीत नगर की गली पांच की कोमल शर्मा ने बताया कि पति विशाल शर्मा (32) शराब का अहाता चलाता था। एक कांग्रेस नेता से उसने ब्याज पर 50 हजार ले रखे थे। लॉकडाउन के कारण कुछ महीने ब्याज नहीं दे सके। इसके चलते उक्त नेता ने ब्याज पर ब्याज जोड़कर 50 हजार को तीन लाख बना दिया। इसके बाद आरोपित पति को धमकाने लगा। इसके चलते 15 सितंबर को विशाल घर से गए, मगर लौट कर नहीं आए। शाम को फोन भी बंद आने लगा। उसी रात थाना शिमलापुरी पुलिस के पास गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। घर आकर चेक किया तो पति का पर्स अलमारी में पड़ा था जिसमें से सुसाइड नोट मिला। इसमें विशाल ने लिखा था कि लॉकडाउन से कारोबार बंद हो गया मगर कांग्रेस नेता ने कर्ज पर दी रकम को कई गुना कर दिया। अब वो पावर के चलते उसे रोज जान से मारने की धमकियां देता है। उसने पुलिस से मांग की कि परिवार को परेशान न किया जाए।
यह भी पढ़ें : अमेरिका भेजने के नाम पर 30 लाख की ठगी
भोले भाले लोगों को विदेश भेजने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी मारने के आरोप में थाना डिवीजन नंबर पांच पुलिस ने ट्रैवल एजेंट के खिलाफ केस दर्ज करके उसकी तलाश शुरू की है। एसआइ कुलवीर सिंह ने बताया कि आरोपित की पहचान पहेवा (हरियाणा) के गांव वड्डा सयाणा सैदा निवासी दर्शन सिंह के रूप में हुई। पुलिस ने गांव बुड्ढेवाल निवासी कुलवंत सिह की शिकायत पर उसके खिलाफ केस दर्ज किया। उसने आठ अगस्त को एडीजीपी एनआरआइ अफेयर पंजाब को शिकायत दी थी। जिसमें उसने बताया कि आरोपित ने उससे तथा उसके दो साथियों से अमेरिका भेजने का झांसा देकर 30 लाख रुपये ठग लिए। मगर बाद में न तो उनके रुपये लौटाए और न ही उन्हें विदेश भेजा। एसआइ कुलवीर सिंह ने कहा कि आरोपित को गिरफ्तार करने के बाद एक टीम को हरियाणा भेजा गया है।