पीजी में गलत काम करवाने के आरोप पर भड़के लाेग, लुधियाना में इस पुलिस चौकी के बाहर प्रदर्शन
चंद्र नगर की गली नंबर छह के लोगों ने बताया कि शहीद भगत सिंह नगर निवासी महिला सुखजीत कौर का उनकी गली में पीजी है। इसके बाहर मेन्स नाट अलाउड लिखा है। उसके बावजूद आए दिन लड़के पीजी में आकर गलत काम करते हैं।
लुधियाना, जेएनएन। वार्ड 92 में रिहायशी इलाके में चल रहे लड़कियों के पीजी में गलत काम होने का आरोप लगाते हुए चंद्र नगर के लोगों ने थाना हैबोवाल की चंद्र नगर चौकी के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी मांग कर रहे थे कि पीजी चलाने वाली महिला के खिलाफ केस दर्ज किया जाए।
देर शाम पुलिस ने पीजी मालकिन के खिलाफ धारा 188 के तहत केस दर्ज कर लिया जबकि जालंधर निवासी युवक पर मारपीट का पर्चा दर्ज कर दिया। चंद्र नगर की गली नंबर छह के लोगों ने बताया कि शहीद भगत सिंह नगर निवासी महिला सुखजीत कौर का उनकी गली में पीजी है। इसके बाहर मेन्स नाट अलाउड लिखा है। उसके बावजूद आए दिन लड़के पीजी में आकर गलत काम करते हैं।
मोहल्लावासियों ने चौकी जगतपुरी में शिकायत दर्ज करवाई और एक लड़के को पकड़ कर पुलिस के हवाले किया। उनका आरोप है कि पुलिस ने युवक पर कोई कार्रवाई नहीं की। इस पर उन्होंने थाना हैबोवाल के बाहर धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने मांग की कि पीजी में रहने वाली लड़कियों की पुलिस वेरिफिकेशन करवाई जाए और पीजी मालिक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर पीजी को बंद करवाया जाए।
जांच में कोई गलत काम साबित नहीं हुआ: चौकी इंचार्ज
चौकी इंचार्ज मलकीत सिंह ने बताया कि पीजी में रहने वाली एक युवती से जालंधर निवासी उसका मंगेतर मिलने के लिए आया था। मोहल्ले के लोगों ने उसे मुद्दा बना लिया। पुलिस की जांच में गलत काम होना साबित नहीं हुआ। इस कारण पीजी मालकिन के खिलाफ बिना वेरिफिकेशन किरायेदार रखने तथा जालंधर निवासी युवक पर धारा 107, 151 के तहत कार्रवाई की गई है।