शेरपुर में गंदगी की भरमार से बीमारियों का खतरा बढ़ा, लोगों ने पार्षद के घर के आगे दिया धरना
शेरपुर की विभिन्न कॉलोनियों में मूलभूत सुविधाओं से वंचित लोगों ने शनिवार सुबह जुलूस निकालते हुए पार्षद राजू अरोड़ा घर के बाहर धरना प्रदर्शन किया।
अख्तर अली, लुधियाना। शेरपुर की विभिन्न कॉलोनियों में मूलभूत सुविधाओं से वंचित लोगों ने शनिवार सुबह जुलूस निकालते हुए पार्षद राजू अरोड़ा घर के बाहर धरना प्रदर्शन किया। पार्षद के आश्वासन के बाद लोगों ने धरना उठाया। लोगों ने चेतावनी दी कि अगर दो दिन में समस्याओं का हल ना हुआ तो वार्ड की पब्लिक घर का फिर से घेराव करेगी। वार्ड 22 शेरपुर रंजीत नगर, बाबा दीप सिंह नगर आदि में महीनों से सीवरेज की समस्या होने से लोग विवश हो चुके हैं। शनिवार को लोग इकट्ठा होकर वार्ड काउंसलर राजू अरोड़ा के घर के बाहर धरना प्रदर्शन कर मुर्दाबाद के नारे लगाने लगे।
नरक की जिंदगी जीने को मजबूर इलाकावासी
इलाके के लोगों ने बताया कि हम लोग इलाके में नरक की जिंदगी जी रहे हैं। यहां गंदगी की भरमार होने से सांस लेना मुश्किल हो गया है। गंदगी के कारण काफी लोग तरह-तरह की बीमारियों का शिकार हो चुके हैं। रोज सीवरेज का पानी गलियों में जमा हो जाता हैं लोगों को गलियों से निकलना मुश्किल हो जाता है। इलाका पार्षद को कई बार शिकायत की पर सुनवाई नहीं हुई। प्रदर्शनकारियों में विनोद तिवारी, बबन पासवान, विकास गुप्ता, दीपक कुमार, रंजीत ङ्क्षसह रोनी, सुरेश मोरिया, रवि शर्मा आदि शामिल रहे।
पानी में मिलावट से लीवर खराब
शेरपुर इलाके में लोग जटिल समस्याओं से जूझ रहे हैं। विनोद तिवारी, सचिन कुमार बताते हैं कि सीवरेज जाम, सड़क पर गंदा पानी, के साथ पेयजल में गंदे पानी की मिलावट से हर आदमी बीमारी का शिकार हो रहा है। लोगों का लीवर खराब होने से स्वास्थ्य पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है। यहां के लोग चाहते हैं कि घर छोड़कर कहीं चले जाएं। उन्होंने नगर निगम मेयर और कमिश्नर से मांग की है कि शेरपुर इलाके में व्यवस्था को दुरुस्त कराया जाए।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें