लुधियाना सिविल अस्पताल में लाेग रहें सावधान-कोरोना आइसीयू वार्ड के बाहर से मरीज की पत्नी का मोबाइल व पर्स चोरी
पीड़ित महिला ने बताया कि वह डाबा रोड स्थित जैन कॉलोनी की रहने वाली है। उसके पति की कोरोना रिपोर्ट पाजिटिव आने के बाद उसे शुक्रवार को सिविल अस्पताल के आइसीयू वार्ड में भर्ती किया गया था। जहां रोज़ाना वह आइसीयू वार्ड के बाहर रहती है।
लुधियाना, जेएनएन। महानगर का सिविल अस्पताल चर्चा में बना रहता है। आए दिन चोर यहां मरीजाें व उनके तीमारदारों को अपना शिकार बना रहे है। ऐसा ही एक मामला मंगलवार सुबह तब सामने आया जब अस्पताल के कोरोना आइसीयू वार्ड के बाहर कोरोना संक्रमित मरीज़ की पत्नी ने हंगामा कर दिया। उसने आरोप लगाते हुए बताया कि अस्पताल के बरामदे में नगदी से भरा पर्स व मोबाइल चोरी हो गया। उसने तुरंत इसकी जानकारी अस्पताल के कर्मचारी को दी।
पीड़ित महिला ने बताया कि वह डाबा रोड स्थित जैन कालोनी की रहने वाली है। उसके पति की कोरोना रिपोर्ट पाजिटिव आने के बाद उसे शुक्रवार को सिविल अस्पताल के आइसीयू वार्ड में भर्ती किया गया था। जहां रोज़ाना वह आइसीयू वार्ड के बाहर रहती है। सोमवार की रात वह वार्ड के बाहर आराम कर रही थी। जहां मंगलवार की सुबह करीब छह बजे वह उठी तो उसका मोबाइल व पर्स गायब था। महिला के अनुसार उसके पर्स में करीब दो हज़ार रुपये की नगदी थी। उसने तुरंत इसकी जानकारी अस्पताल के कर्मचारी को दी। वही महिला ने मामले की शिकायत सिविल अस्पताल की पुलिस चौकी में दी।
पहले भी हाे चुकी है कई वारदातें
यहां आपको बता दें कि सिविल अस्पताल में यह चोरी की घटना पहली नहीं है। इससे पहले भी अस्पताल में ऐसी कई चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, जिसमें चोर अस्पताल के कोरोना वार्ड में से एलसीडी चुरा कर ले जा चुके हैं। जिसका अभी तक कुछ नहीं पता चला है।
इस संबंध में सिविल अस्पताल पुलिस चौकी के इंचार्ज एएसआइ राजिंदर सिंह ने बताया कि पीड़ित महिला के द्वारा लिखित में शिकायत आ चुकी है। वह अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल रहे है,जल्द ही उक्त चोर को हिरासत में लिया जाएगा।
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें