लुधियाना में बाल सिंह नगर में गोलियां चलाने वाला काबू, देसी पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस व 3 खोल बरामद
लुधियाना में दो दिन पहले बाल सिंह नगर इलाके में गोलियां चलाने वाले आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को उसके दूसरे साथी की पुलिस को तलाश है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज करके पकड़े गए आरोपित को वीरवार अदालत में पेश किया गया।
जागरण संवाददाता, लुधियाना। लुधियाना में दो दिन पहले बाल सिंह नगर इलाके में गोलियां चला कर दहशत फैलाने के आरोपित को थाना दरेसी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक देसी पिस्तौल, 2 जिंदा कारतूस तथा 3 खाली खोल बरामद हुए। उसके दूसरे साथी की पुलिस को तलाश है। दोनों के खिलाफ केस दर्ज करके पकड़े गए आरोपित को वीरवार अदालत में पेश किया गया। जहां से दो दिन का रिमांड हासिल करके कड़ी पूछताछ की जा रही है। एएसआइ ओम प्रकाश ने बताया कि आरोपित की पहचान बाल सिंह नगर की गली नंबर 6 निवासी रमन कुमार के रूप में हुई। फरार हुआ आरोपित उसका साथी लाडी है।
पुलिस ने कबीर नगर की गली नंबर 2 निवासी मदन लाल की शिकायत पर उनके खिलाफ केस दर्ज किया। अपने बयान में उसने बताया कि 24 जनवरी की शाम वो बाल सिंह नगर की गली नंबर 5 स्थित अपने गुरविंदर मेडिकल स्टोर में उपस्थित था। उसी समय इलाके में रहने वाले अंगद और करण नाम के दो लड़के खूनदान संबंधी बोर्ड लगाने के लिए वहां आए। वहीं मोहल्ले में रहने वाले मलकीत सिंह के मोटरसाइकिल की उनके छोटा हाथी टेंपो से टक्कर लग गई। उसके कुछ ही समय बाद स्कूटर पर सवार होकर आए रमन और लाडी ने करण और अगंद पर हमला कर दोनों को बुरी तरह से पीट दिया। जब मदन लाल ने उन्हें छुड़ाने का प्रयास किया तो आरोपितों ने उसे दुकान बंद करने के लिए कहा। उसके मना करने पर आरोपितों ने उसकी छाती पर पिस्तौल रख कर फायर कर दिया, मगर वो मिस हो गया।
उसके बाद आरोपितों ने उसके साथ मारपीट की। उसके पड़ोसी डाक्टर अहमद की दुकान के शीशे तोड़ दिए। उनके शोर मचाने पर जमा हुए लोगों को देख कर आरोपित फरार हो गए। पड़ताल के दौरान पुलिस ने रमन को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि बरामद हुआ पिस्तौल वाे उत्तर प्रदेश से साढ़े चार हजार रुपये में खरीद कर लाया था। उसके खिलाफ पहले भी कई केस दर्ज हैं।