हरिओम मंदिर में नौ दिवसीय दुर्गा स्तुति पाठ संपन्न
लुधियाना के मोती नगर के श्री हरिओम मंदिर में नौ दिवसीय दुर्गा स्तुति पाठ बुधवार को संपन्न हो गया।
संसू, लुधियाना : मोती नगर के श्री हरिओम मंदिर में मंदिर के प्रधान अनिल गुप्ता व मुख्य पंडित ओमप्रकाश वशिष्ठ की अगुवाई में चैत्र नवरात्र पर्व को समर्पित नौ दिवसीय संगीतमय श्री दुर्गा स्तुति पाठ बुधवार को संपन्न हो गया।
इस दौरान रोजाना शाम छह बजे से रात आठ बजे तक हरीश सितारा एंड पार्टी ने श्रद्धालुओं संग मां भगवती का गुणगान किया। मंदिर कमेटी के जानी भल्ला ने बताया कि पाठ के दौरान रामायण भी करवाई गई, जिसमें श्रद्धालुओं ने पहुंचकर माथा टेका और भगवान श्रीराम के साथ ही महामाई का आशीर्वाद प्राप्त किया। रामायण का समापन हवन यज्ञ के बाद हुआ। इस दौरान श्रद्धालुओं के लिए लंगर भी लगाया गया।
पंडित ओमप्रकाश वशिष्ठ ने कहा कि साल में दो बार नवरात्र होते हैं। इन नवरात्र को चैत्र नवरात्रि कहा जाता है। दोनों नवरात्र में मा के स्वरूपों को पूजने की विधि अलग होती है। जो भी भक्त मां के नौ स्वरूपों की विधि-विधान पूर्वक पूजा अर्चना करता है उस पर मां की असीम कृपा होती है। इस दौरान दशरथ, सोनिया वशिष्ठ, ज्योति मल्होत्रा, जानी भल्ला, अनिल गुप्ता आदि मौजूद रहे।