Britain से लौटे संक्रमित यात्री के संपर्क में आए लोगों को अस्पतालों में ही किया जाएगा क्वारंटाइन
यूके से लौटे कोरोना पाजिटिव यात्रियों के संपर्क में आए लोगों को भी अस्पतालों में क्वारंटाइन किया जाएगा। उनके लिए अस्पताल में अलग से आइसोलेशन व्यवस्था की जाएगी। उनकी रिपोर्ट नेगेटिव आने पर भी 28 दिन तक उनकी निगरानी की जाएगी।
लुधियाना, जेएनएन। यूके से लौटने वाली यात्रियों को लेकर सेहत एवं परिवार भलाई विभाग की ओर से नई गाइड लाइंस जारी कर दी गई हैं। बुधवार को सूबे के सभी सिविल सर्जन व डिप्टी कमिश्नर को नई गाइडलाइन भेज दी गई है। इसमें कहा गया है कि 25 नवंबर से आठ दिसंबर के दौरान यूके से लौटने वाले यात्रियों को होम क्वारंटाइन किया जाएगा और उनके देश में लौटने के 28 दिन तक उनकी मानिट¨रग की जाएगी। अगर उनमें कोरोना के लक्षण मिलते हैं तो आरटीपीसीआर टेस्ट किया जाएगा। यह भी लिखा गया है कि नौ दिसंबर से 23 दिसंबर के दौरान यूके से लौटने वाले सभी यात्रियों के आरटीपीसीआर टेस्ट किए जाएंगे।
जो यात्री कोरोना पाजिटिव मिलेंगे, उनके सैंपल जिनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे जाएंगे। किसी में नए स्ट्रेन की पुष्टि होती है, तो उसे इंस्टीटयूशनल क्वारंटाइन यानी की अस्पताल में ही रखा जाएगा। ऐसे मरीज को अस्पताल में अलग रखा जाएगा और इनका चौदह दिन बाद 14 दिन बाद 24 घंटे के अंतराल में दो बार टेस्ट किया जाएगा। रिपोर्ट नेगेटिव आने पर ही उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज किया जाएगा।
इसके साथ ही यूके से लौटे कोरोना पाजिटिव यात्रियों के संपर्क में आए लोगों को भी अस्पतालों में क्वारंटाइन किया जाएगा। उनके लिए अस्पताल में अलग से आइसोलेशन व्यवस्था की जाएगी। उनकी रिपोर्ट नेगेटिव आने पर भी 28 दिन तक उनकी निगरानी की जाएगी। विभाग ने सभी सिविल सर्जन व डिप्टी कमिश्नर से कहा है कि यूके से लौटने वाले यात्रियों के इंस्टीटयूशनल क्वारंटाइन को लेकर सभी बंदोबस्त किए जाएं।