पड़ोसी ही निकला बच्ची से दुष्कर्म का आरोपित, एक दिन पहले घर में की थी चोरी Ludhiana News
आरोपित ने दुष्कर्म से पहले पीड़िता के घर से कुछ सामान चोरी किया था। पुलिस ने आरोपित को रिमांड पर लिया है।
लुधियाना, जेएनएन। भामियां खुर्द में छह वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म और कुकर्म करने वाला युवक पड़ोस में ही रहता था। उसने दुष्कर्म से पहले पीड़िता के घर से कुछ सामान चोरी किया था। पुलिस ने आरोपित को रिमांड पर लिया है। पुलिस ने बच्ची से दुष्कर्म के मामले में उसके पड़ोसी युवक बबलू को गिरफ्तार किया है।
एडीसीपी चार अजिंदर सिंह के अनुसार पीड़ित बच्ची का परिवार रात को घर का गेट खोलकर ही सोया हुआ था। दंपती के पास ही उनके तीनों बच्चे सोए हुए थे। रात करीबन एक बजे बबलू उनके घर में घुसा और बच्ची को उठाकर अपने साथ ले गया। घर से कुछ ही दूरी पर जाकर दुष्कर्म और कुकर्म किया। जब बच्ची लहूलुहान होकर बेहोश हो गई तो वह उसे वहीं छोड़कर फरार हो गया। कुछ ही समय बाद जब उसकी मां उठी तो देखा कि बच्ची वहां नहीं थी। ढूंढते हुए वह लोग वहां पहुंचे और बबलू को भी काबू कर लिया। उसे पुलिस के हवाले किया गया था, मगर वह वहां से चकमा देकर फरार हो गया था, जिसे समराला चौक के पास से काबू किया गया है। आरोपित बबलू ताजपुर रोड का निवासी है और कुछ समय से उनके घर के पास ही रह रहा था। वह मोती नगर एरिया में किसी फैक्ट्री में काम करता है और नशा करने का आदी है। वहीं डॉक्टरों की मानें तो पीड़िता की हालत में सुधार बताया जा रहा है।
मां बोली, एक दिन पहले घर में चोरी भी की थी
दूसरी तरफ बच्ची की मां ने सिविल अस्पताल में बताया कि उनके घर पर एक दिन पहले चोरी भी हुई थी। दुष्कर्म के बाद जब उसे पकड़ा गया था तो उसने खुद माना था चोरी भी उसने ही की थी। जांच अधिकारी इंस्पेक्टर हरजिंदर सिंह के अनुसार आरोपित को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। पूछताछ की जा रही है और उसे मौके पर ले जाकर क्राइम सीन बनाया जाएगा। चोरी वाली बात अभी सामने नहीं आई है, पूछताछ में अगर बात सामने आती है तो उस आरोप में भी कार्रवाई होगी।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें