केंद्र ने पंजाब के साथ अपनाया टकराव वाला रवैया : डा. अमर सिंह
श्री फतेहगड़ साहिब से सांसद डा. अमर सिंह ने केंद्र सरकार की ओर से पंजाब में मालगाड़ियों का परिचालन रद किए जाने पर नाराजगी जताई है।
जेएनएन, रायकोट : श्री फतेहगड़ साहिब से सांसद डा. अमर सिंह ने केंद्र सरकार की ओर से पंजाब में मालगाड़ियों का परिचालन रद किए जाने पर नाराजगी जताई है। सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार ने कृषि सुधार कानून के विरोध में चल रहे आंदोलन को खत्म करने का हल निकालने के बजाय टकराव वाला रास्ता अपनाया है। केंद्र सरकार लोकतांत्रिक ढांचे को खत्म करने पर तुली है। उन्होंने कृषि बिलों में संशोधन के लिए पंजाब सरकार की तरफ से लाए संकल्प को पंजाब का कानूनी हक इकरार देते कहा कि देश का संविधान राज्यों को नये केंद्रीय कानून बनाते समय संबंधित राज्य के लोगों को भरोसे में लेने का हक देता है। नैतिक तौर पर भी केंद्र सरकार की यह जिम्मेदारी बनती थी कि कृषि बिल लाने से पहले पंजाब और यहां के किसानों का पक्ष जाना जाता। डा. अमर सिंह ने कहा कि देश की आजादी से लेकर अब तक देश को आर्थिक पक्ष से और अनाज भंडार मजबूत करने के लिए पंजाब के किसानों ने अहम भूमिका निभाई, लेकिन मौजूदा केंद्र सरकार पंजाबियों की इस भूमिका को पूरी तरह अनदेखा कर रही है। डा. अमर सिंह ने बताया कि पंजाब की कांग्रेस सरकार के साथ राष्ट्रीय कांग्रेस भी पंजाब के किसानों के हितों को लेकर गंभीर है और इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री से मिलने के लिए लोकसभा सदस्यों की तरफ से समय भी मांगा गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की तरफ से भी इस मुद्दे पर गंभीर होने के बारे में बताया। डा. अमर सिंह ने कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो पंजाब के किसानों के हितों और हकों के लिए कांग्रेसी सांसद दिल्ली में धरने पर भी बैठेंगे।