सिविल अस्पताल जगराओं में बनेगा आठ करोड़ की लागत से जच्चा-बच्चा सेंटर
सिविल अस्पताल जगराओं में जल्द बनेगा आठ करोड़ की लागत से डेढ़ एकड़ में जच्चा बच्चा सेंटर बनेगा। यह जानकारी सिविल अस्पताल जगराओं के सीनियर मेडिकल अफसर डा.सुखजीवन कक्कड़ ने दी।
बिदु उप्पल, जगराओं : सिविल अस्पताल जगराओं में आठ करोड़ की लागत से डेढ़ एकड़ में जच्चा-बच्चा सेंटर बनेगा। सिविल अस्पताल जगराओं के सीनियर मेडिकल अफसर डॉ.सुखजीवन कक्कड़ ने बताया कि यह पहले अस्पताल 50 बेडिड है और यहां हर प्रकार की बीमारियों के माहिर हैं। उन्होंने बताया कि यह जच्चा-बच्चा सेंटर अस्पताल के पीछे वाली जगह पर बनाया जाएगा। यह तीन मंजिला इमारत होगी। इस सेंटर में लिफ्ट की व्यवस्था होगी और और यह जच्चा-बच्चा सेंटर 30 बेडिड ही होगा। इससे सिविल अस्पताल के जनरल वार्ड में से 15 से 20 बेड खाली हो जाएंगे और जनरल वार्ड में बेडिड की सुविधा बढ़ जाएगी। इस सेंटर में हर प्रकार की महिलाओं व बच्चों की बीमारियों के वार्ड होंगे। इसको मेन अस्पताल के ऑपरेशन थियेटर से जोड़ दिया जाएगा। यहां दो गायनोकोलॉजिस्ट डॉ. रणबीर कौर, डॉ. अंकुश बांसल व बच्चों की डॉ सुमिता सहदेव हैं। जच्चा-बच्चा सेंटर में गर्भवती महिलाओं से लेकर नवजात व बच्चों की बीमारियों के माहिरों व व नर्सिंग स्टाफ की भी नई भर्ती होगी।
इस सेंटर के बनने से लुधियाना नहीं जाना पड़ेगा
एसएमओ डॉ. कक्कड़ ने बताया कि शनिवार को सेहत मंत्री पंजाब बलबीर सिंह सिद्धू जच्चा-बच्चा विग एमसीएच का नींव पत्थर रखेंगे। सिविल अस्पताल जगराओं अपने सौंदर्यकरण व स्वास्थ्य सेवाओं के कारण कई राज्य स्तरीय व राष्ट्रीय अवॉर्ड प्राप्त कर चुका है। सिविल अस्पताल में बेहतरीन डॉक्टरों द्वारा चौबीस घंटे बेहतरीन स्वास्थ्य सेवाएं दी जा रही है। इसके अलावा अस्पताल में किडनी वाले मरीजों के लिए फ्री डायलसिस सेंटर की व्यवस्था भी है। जिसे पंजाब सरकार के सहयोग से धन माता गुजरी सेवा ट्रस्ट चला रही है। इसके अलावा ब्लड बैंक की भी सुविधा है। तहसील अस्पताल में जच्चा-बच्चा सेंटर बनने से इलाका वासियों को इमरजेंसी में लुधियाना जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और हर समय महिलाओं व बच्चों का सही इलाज होगा।