बठिंडा सेंट्रल जेल में बंद 4 कैदियों से मोबाइल बरामद, थाना कैंट पुलिस ने किया केस दर्ज
थाना कैंट पुलिस ने केंद्रीय जेल बठिंडा में बंद 4 कैदियों से मोबाइल बरामद किए है। वहीं एक कैदी पर लंगर के खाने में कांच के टुकड़े मिलने के आरोप में मामला दर्ज किया है। पुलिस केस की जांच कर रही है।
जागरण संवाददाता, बठिंडा। थाना कैंट पुलिस ने केंद्रीय जेल बठिंडा में बंद 4 कैदियों से मोबाइल बरामद किए है। वहीं एक कैदी पर लंगर के खाने में कांच के टुकड़े मिलने के आरोप में मामला दर्ज किया है। जेल प्रशासन की शिकायत पर कैंट पुलिस ने आरोपित कैदियों पर जेल नियमों की उल्लंघना करने के आरोप में मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।
थाना कैंट के एएसआइ बलजीत सिंह ने बताया कि केंद्रीय जेल बठिेंडा के सहायक सुपरिटेंडेंट मलकीत सिंह की तरफ से भेजी गई शिकायत में बताया है कि बीते दिनों जेल परिसर में सर्च अभियान चलाया गया था। इस दौरान विभिन्न बैरक में बंद कैदी बलजिंदर सिंह निवासी गांव जंडियाला, कुलवीर सिंह निवासी गिदड़बाहा, जसविंदर सिंह निवासी गांव जीवन सिंह वाला जिला बठिंडा व मंगत राये निवासी बठिंडा से चार माेबाइल बरामद हुए। जेल के सुरक्षा कर्मियों ने बरामद उक्त मोबाइल अपने कब्जे में ले लिए है।
इसी तरह एक अन्य मामले थाना कैंट पुलिस को भेजी शिकायत में केंद्रीय जेल बठिंडा के सहायक सुपरिटेंडेंट आशीष कुमार ने बताया कि बीती 22 दिसंबर को कैदी गुरसेवक सिंह निवासी गांव राजगढ़ कुब्बे ने जेल में चल रहे लंगर से खाना ले जाकर सिक्योरिटी जोन नंबर पर में बांट दिया, जबकि खाने में कांच के टुकड़े मिले। ऐसा कर आरोपित कैदी ने जेल नियमाें की उल्लंघना की। कैंट पुलिस ने आरोपित कैदी पर मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें-दड़ा सट्टा लगाते तीन धरे
लुधियाना। दड़ा-सट्टा लगा रहे तीन आरोपितों को विभिन्न थानों की पुलिस ने दबोचा है। पुलिस ने आरोपितों के पास से नकदी भी बरामद की है और उनके खिलाफ गैंबलिंग एक्ट के तहत केस भी दर्ज किया लिया है। थाना दुगरी की पुलिस ने अर्बन एस्टेट निवासी हरबीर पाल सिंह एवं गांव रामपुर दोराहा निवासी लाभ सिंह को 1100 रुपए नकदी समेत दड़ा सट्टा लगाते गिरफ्तार किया है। थाना डिवीजन न.6 की पुलिस ने शिवाजी नगर निवासी विक्रम कुमार को 3570 रुपए नकदी समेत गिरफ्तार किया है।