सिमरजीत सिंह बैंस बोले-अल्पसंख्यकों के खिलाफ साजिश है नागरिकता संशोधन बिल Ludhiana News
नागरिकता संशोधन बिल (कैब) पास होने पर लोक इंसाफ पार्टी के विधायक सिमरजीत सिंह बैंस ने इसे अल्पसंख्यकों के खिलाफ साजिश करार दिया।
लुधियाना, जेएनएन। नागरिकता संशोधन बिल (कैब) पास होने पर लोक इंसाफ पार्टी के विधायक सिमरजीत सिंह बैंस ने इसे अल्पसंख्यकों के खिलाफ साजिश करार दिया। बैंस ने कहा कि भाजपा की इस साजिश का लोक इंसाफ पार्टी तो विरोध कर ही रही है। वहीं दूसरी राजनीतिक पार्टियों को भी इस बिल का विरोध जताना चाहिए।
उन्होंने कहा कि लोकसभा व राज्यसभा में सहयोगी दलों के सहयोग से पास करवाए गए इस बिल पर अगर अब भी आवाज न उठाई गई तो इस तरह के कई और बिल पास करवाए जाएंगे, जो अल्पसंख्यकों के लिए दमनकारी साबित होंगे। भाजपा के इस एजेंडे का विरोध करना चाहिए। बैंस ने कहा कि भारत एक धर्मनिरपेक्ष देश है। इसमें ऐसे बिल जो हमारे देश की धर्मनिरपेक्षता में दरार डालते नजर आ रहे हों, उस पर खुलकर आपत्ति जतानी चाहिए।
कैब के खिलाफ काली पट्टियां बांध कर प्रदर्शन
नागरिकता संशोधन बिल और भाजपा के खिलाफ गांव लिबड़ा में पंजाब वक्फ बोर्ड के सदस्य और सचिव पंजाब कांग्रेस सितार मोहम्मद लिबड़ा के नेतृत्व में काली पट्टियां बांध कर प्रदर्शन किया गया। सितार मोहम्मद ने कहा कि केंद्र सरकार ने कैब में सिर्फ मुस्लिम वर्ग के लोगों को दूसरे धर्म के लोगों की अपेक्षा अलग-थलग किया है। ऐसा कर मुस्लिम समाज के अधिकारी छीने जा रहे हैं। बिल का पास होना कानून के इतिहास का काला दिन गिना जाएगा। उन्होंने मांग की कि केंद्र सरकार या तो इस बिल को वापस ले या फिर मुस्लिम समाज के लोगों को भी शामिल करे। लिबड़ा ने कहा कि भाजपा सरकार देश के लोगों में धर्म के नाम पर फूट डाल रही है। इससे रोजगार, विकास, सेहत सुविधाएं, शैक्षिक सुविधाएं, औद्योगिक विकास, सरकारी संस्थाओं को खत्म कर निजी हाथों में देने के मंसूबों से लोगों का ध्यान भटकाया जा सके।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें