विधायक जगतार सिंह की आप में घर वापसी टली
रायकोट से आम आदमी पार्टी के विधायक जगतार सिंह की पार्टी में वापसी फिलहाल टल गई है
जागरण संवाददाता, लुधियाना : रायकोट से आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक जगतार सिंह जग्गा हिस्सोवाल की पार्टी में घर वापसी फिलहाल टल गई है। जगतार सिंह के स्वस्थ नहीं होने से फिलहाल मामला लटक गया है। बुधवार को उन्होंने आप में शामिल होना था। वहीं सूत्रों का कहना है कि जगतार की वापसी का कार्यक्रम तय था, लेकिन उनके करीबी सुखपाल सिंह खैहरा उन्हें रोक रहे हैं। इस कारण अभी विधायक की पार्टी में दोबारा वापसी टल गई है।
पेशे से शिक्षक जगतार सिंह ने 2017 में आम आदमी पार्टी की टिकट से रायकोट से चुनाव जीता था। उन्होंने वर्तमान लोकसभा सदस्य डा. अमर सिंह को हराया था। उसके बाद जगतार सिंह ने अन्य दो विधायकों पिरमल सिंह और जगदेव सिंह कमालू के साथ पार्टी में ही विद्रोह कर दिया था। अगस्त 2018 में आप से अलग होने वाले विधायकों ने आठ सदस्यीय एडहाक पालिटिकल अफेयर्स कमेटी (पैक) बनाई थी, जिसमें जगतार सिंह भी शामिल थे। जिला कपूरथला के विधानसभा क्षेत्र भुलत्थ से विधायक सुखपाल सिंह खैहरा से नजदीकियां होने के कारण वह उनके साथ चले गए थे। पिछले कुछ दिनों से आम आदमी पार्टी के पंजाब प्रभारी जरनैल सिंह व अन्य वरिष्ठ नेता लगातार जगतार के संपर्क में थे। उन्होंने जगतार के घर पर जाकर मुलाकात भी की और फिर से घर वापसी के लिए कहा था। इसके बाद विधायक जगतार सिंह ने वापसी का मन बनाया था। सूत्रों के अनुसार अगले तीन-चार दिन में जगतार फिर से आप में लौट आएंगे और रायकोट से ही आप की टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। विधायक की वापसी की कवायद जारी है।