लुधियाना में मामी के घर आई नाबालिग लड़की का जबरन अपहरण, मोटर पर ले जाकर किया दुष्कर्म
महानगर में दुष्कर्म की वारदातें लगातार बढ़ रही हैं। बीमार मामी की देखभाल के लिए उसके घर रहने गई नाबालिग को मामी के भतीजे ने शादी का झांसा देकर अगवा कर लिया। आरोपित उसे एक मोटर पर ले जाकर दुष्कर्म किया।
लुधियाना, जेएनएन। बीमार मामी की देखभाल के लिए उसके घर रहने आई नाबालिग को शादी का झांसा देकर अगवा कर मोटर पर ले जाकर दुष्कर्म किया गया। पता चलने पर मामी ने नाबालिग काे भतीजे के चंगुल से छुड़ा माता पिता के घर पहुंचाया। अब थाना मेहरबान पुलिस ने आरोपित पर अगवा कर जबरन दुष्कर्म करने तथा पाक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार काे आराेपित काे अदालत में पेश किया गया जहां से एक दिन का रिमांड हासिल करके कड़ी पूछताछ की जा रही है।
एएसआइ जसविंदर सिंह ने बताया कि उसकी पहचान माछीवाड़ा के गांव रहीमा खुर्द निवासी धर्मवीर सिंह (26) के रूप में हुई। वो राज मिस्त्री का काम करता है। पुलिस ने जागीर पुर की माॅडल कालोनी निवासी व्यक्ति की शिकायत पर उसके खिलाफ केस दर्ज किया। बयान में उसने बताया कि गांव में चौंता में रह रही उसकी सालेहार बीमार थी। इसके चलते उसके घर का कामकाज में हाथ बंटाने के लिए उसने अपनी 15 वर्षीय बेटी को उसके घर भेज दिया।
वहीं पर उसकी सालेहार का भतीजा धर्मवीर भी आया हुआ था। 27 अप्रैल की शाम 7 बजे वह उसकी बेटी को बहला फुसला कर अपने साथ ले गया। 28 अप्रैल को उसकी सालेहार उसे घर में वापस छोड़ कर गई। घर पहुंच कर नाबालिगा ने उसे बताया कि आरोपित रात के समय उसे मोटर वाले कमरे में ले गया। जहां उसने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। जसविंदर सिंह ने कहा कि नाबालिगा का मेडिकल कराने के बाद स्वैब को जांच के लिए लैब में भेज दिया गया है।