पति की मारपीट से दुखी हो महिला ने दी जान
कूमकलां के अधीन पड़ते गांव चोंता के इलाके में रविवार देर रात एक विवाहिता ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना का पता तब चला जब सोमवार की सुबह पारिवारिक सदस्य उठे।
जागरण संवाददाता, लुधियाना : कूमकलां के अधीन पड़ते गांव चोंता के इलाके में रविवार देर रात एक विवाहिता ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना का पता तब चला जब सोमवार की सुबह पारिवारिक सदस्य उठे। उन्होंने तुरंत महिला को नीचे उतारकर नजदीकी अस्पताल में पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही थाना कूमकलां की पुलिस पहुंची और शव को सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
मृतका की पहचान 27 वर्षीया राजविदर कौर के रूप में हुई। थाना कूमकलां के प्रभारी पवन कुमार के अनुसार मृतका के पिता करनैल सिंह ने बताया कि उनकी बेटी की शादी करीब चार साल पहले चोंता गांव के रहने वाले जंग सिंह के साथ हुई थी। उसके करीब तीन साल का बेटा है। उन्होंने बताया कि पति अकसर उससे मारपीट करता था। इससे परेशान होकर बेटी ने रविवार की रात अपने कमरे में पंखे के साथ चुनरी बांधकर फंदा लगा जान दे दी। पुलिस ने करनैल के बयान पर उसके पति जंग सिंह के खिलाफ धारा 306 के तहत मामला दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।