कंगनवाल में Factory में लगी भीषण आग, बाल-बाल बचे 20 मजदूर, एक झुलसा Ludhiana News
कंगनवाल के इलाके में वीरवार की देर रात एक प्लास्टिक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की आधा दर्जन गाड़ियां मौके पर पुहंचीं।
लुधियाना, जेएनएन। कंगनवाल के इलाके में वीरवार की देर रात एक प्लास्टिक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की आधा दर्जन गाड़ियां मौके पर पुहंचीं। वहीं आग में फैक्ट्री के एक कर्मचारी के झुलसने की सूचना है। उसे 108 एंबुलेंस की सहायता से अस्पताल में भर्ती कराया है।
थाना साहनेवाल की पुलिस व कंगनवाल चौकी की पुलिस मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आस पड़ोस की फैक्ट्रियाें व घरों को खाली करवाना शुरू कर दिया। साहनेवाल के अधीन पड़ते क्षेत्र कंगनवाल के इलाके में स्थित गर्ग प्लास्टिक फैक्ट्री में वीरवार की देर रात शार्ट सर्किट आग लगने का कारण बताया जा रहा है।
रात को फैक्ट्री में ही सोते थे मजदूर
फैक्ट्री मालिक राज कुमार गर्ग ने बताया कि उनकी फैक्ट्री में प्लास्टिक का दाना बनता है। वह रोजाना की तरह वीरवार की रात करीब 9 बजे वह अपनी फैक्ट्री से घर लौटे। रात करीब 12 बजे उन्हें फैक्ट्री कर्मचारी ने फोन कर बताया कि फैक्ट्री में आग लग गई है। वहीं उसने बताया कि उसकी फैक्ट्री में 20 कर्मचारी हैं जो फैक्ट्री के अंदर ही काम करने के बाद सोते हैं।
हादसे के वक्त फैक्ट्री में 12 कर्मचारी मौजूद थे। जो आग लगते ही फैक्ट्री में से निकलने शुरू हो गए जबकि, सोनू नामक का एक कर्मचारी फैक्ट्री के अंदर ही रह गया। फायर बिग्रेड की टीम ने उसे मौके पर पहुंच, तुरंत बाहर निकलवा नजदीकी अस्पताल में पहुंचाया। जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। थाना साहनेवाल के सब इंस्पेक्टर हरपाल सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली तो वह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। फिलहाल फायर बिग्रेड के कर्मचारी आग पर काबू में जुटे हुए हैं।