Ludhiana weather update: सुबह-शाम बढ़ने लगी ठंड, गर्मी का अहसास होने लगा कम
पंजाब कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के वैज्ञानिक डा. केके गिल के अनुसार जब उत्तर से हवाएं शुरू हो जाती है तो यह सर्दी आने का संकेत है। इसकी वजह से दिन व रात के तापमान में भी गिरावट आने लगी है।
लुधियाना, जेएनएन। महानगर में पिछले दो दिनों से सुबह की शुरुआत गुलाबी ठंड से हो रही है। सुबह पांच बजे से सात बजे के बीच ठंड की वजह से हल्की हल्की कंपकपी महसूस हो रही है। हालांकि जैसे जैसे धूप खिलते है, वैसे-वैसे गर्मी होने लगती है। वीरवार सुबह भी मौसम कुछ ऐसा ही रहा था। जो लोग सुबह सैर के लिए बाहर थे, उन्हें ठंड महसूस हो रही थी। सुबह सात बजे के करीब अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस था। पीएयू मौसम वैज्ञानिकों की माने तो नवंबर के अंत तक ठंड बढ़ेगी।
उत्तरी पश्चिमी हवाएं चलनी शुरू हो गई है, जिससे अब हवा में ठंडक घुलने लगी है। इसकी वजह से अब लाेगाें काे गर्मी का अहसास कम होने लगा है और दिन के तापमान में भी कमी दर्ज की जा रही है। पंजाब कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के वैज्ञानिक डा. केके गिल के अनुसार जब उत्तर से हवाएं शुरू हो जाती है, तो यह सर्दी आने का संकेत है।
इसकी वजह से दिन व रात के तापमान में भी गिरावट आने लगी है। आने वाले दिनों में तापमान और नीचे जाएगा और लोगों को गुलाबी ठंड का अहसास होना शुरू हो जाएगा। पूर्व के वर्षों में ठंड का आगाज नवंबर से होता रहा है। ठंड का मौसम रबी की फसलों के लिए काफी महत्वपूर्ण होता है। डा. गिल के मुताबिक इस बार ठंड ज्यादा दिनों तक रह सकती है।