Ludhiana weather Update: लुधियाना में कड़ाके की सर्दी से लाेगाें काे राहत, तीसरे दिन भी निकली धूप; एक्यूआइ में सुधार
Ludhiana weather Update पिछले तीन दिनों से लगातार धूप निकलने से लोगों को दिन में कड़ाके की ठंड से राहत है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान की मानें तो 1 फरवरी तक धूप निकलेगी। इसके बाद 2 फरवरी से बादल छाएंगे।
जागरण संवाददाता, लुधियाना। Ludhiana weather Update: शहर में शनिवार सुबह धुंध छाई रही। सुबह छह बजे तक धुंध की वजह से विजिबिलिटी काफी कम रही। जिससे सैर के लिए निकले लोगों को परेशानी हुई। लेकिन इसके बाद धूप खिल उठी। जिससे लोगों ने भी राहत महसूस की। सुबह साढ़े 8 बजे तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहा, वहीं एयर क्वालिटी इंडेक्स 165 पर रहा। पिछले तीन दिनों से लगातार धूप निकलने से लोगों को दिन में कड़ाके की ठंड से राहत है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान की मानें तो 1 फरवरी तक धूप निकलेगी। इसके बाद 2 फरवरी से बादल छाएंगे। विभाग के अनुसार 4 फरवरी तक बादल छाए रहेंगे। जिससे एक बार फिर से दिन में ठिठुरन झेलनी होगी।
यह भी पढ़ें-74 साल बाद करतारपुर कारिडोर में मिले थे 2 भाई, अब बिछड़े परिवार से मिलने पाकिस्तान जाएंगे बठिंडा के सीका खान
पंजाब से बादल छंट गए
वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का प्रभाव खत्म होते ही पंजाब से बादल छंट गए हैं और धूप खिलखिलाने लगी है। शुक्रवार को भी पंजाब के कई जिलों में सुबह ही धूप निकल आई। धूप को देखकर पिछले कई दिनों से दिन में कड़ाके की ठंड झेल रहे लाेगों के चेहरे भी खिल उठे। लोगों ने घर की छत व पार्कों में बैठकर धूप का मजा लिया। धूप निकलने की वजह से दिन का पारा बढ़ गया, जबकि बादलों के छंटते ही रात का तापमान गिर गया।
इंडिया मेट्रोलाजिकल डिपार्टमेंट चंडीगढ़ के अनुसार पंजाब में बठिंडा की रात सबसे सर्द रही। यहां पर न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री रहा, जो कि सामान्य से चार डिग्री कम था। वहीं अमृतसर में न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री था, जो कि सामान्य से एक डिग्री कम था। वहीं अधिकतम तापमान 18.7 डिग्री रिकार्ड कियागया। विभाग के पूर्वानुमान की माने तो पंजाब में 1 फरवरी तक मौसम साफ रहेगा। 2 फरवरी से बादल फिर लौटेंगे और दो दिनों तक पंजाब में डटे रहेंगे। जिससे दिन में फिर से ठिठुरन बढ़ सकती है।