एसटीएफ ने ट्रैप लगाकर पकड़े अफीम तस्करी के मगरमच्छ
लुधियाना : पुलिस ने दो अफीम तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से पूछताछ जारी है।
जासं, लुधियाना : यूपी से लाकर लुधियाना में अफीम की तस्करी करने वाले दो लोगों को एसटीफ (स्पेशल स्टॉक फोर्स) की टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान यूपी के जिला लखीमपुर निवासी जतिंदर सिंह और रघुवीर सिंह के रूप में हुई है। आरोपियों के कब्जे से 10 किलो अफीम बरामद हुई है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर पांच दिन का रिमांड हासिल किया है।
एसपी गुरप्रीत कौर पूरेवाल और इंचार्ज हरबंस सिंह ने बताया कि शुक्रवार सुबह टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर मत्तेवाड़ा के नजदीक नाकाबंदी की हुई थी। इस दौरान हरियाणा नंबर कार में आ रहे आरोपियों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। जब पुलिस ने उनकी तलाशी ली तो जतिंदर के हाथ में पकड़े थैले से 8 किलो और रघुवीर के पास से 2 किलो अफीम बरामद हुई। जिसके बाद पुलिस ने उन्हें काबू कर लिया।
ऐसे लगाया ट्रैप
जानकारी के मुताबिक कुछ दिन पहले पुलिस ने पांच किलो अफीम समेत दो लोगों को एसटीएफ ने गिरफ्तार किया था। जिन्होंने पुलिस को बताया कि वो यूपी निवासी दोनों आरोपियों से अफीम लेकर आते है। उन्होंने बताया कि वो तस्कर लुधियाना आने वाले है। इसी के आधार पर पुलिस ने आरोपियों का ट्रैप लगाकर उन्हें काबू कर लिया।
दोगुणे रेट पर बेचते थे अफीम
आरोपियों ने उन्हें बताया कि वो भी यूपी मे किसी से 80 हजार रुपए किलो के हिसाब से अफीम खरीदते थे। इसके बाद उस अफीम को पंजाब के अलग-अलग जिलों में 2 लाख रूपए किलो के हिसाब से बेचते थे। जिससे अच्छी-खासी कमाई करते थे।
एकआरोपी पर दर्ज है मामला
पूछताछ में पता चला कि आरोपी जतिंदर सिंह के खिलाफ लुधियाना में ही धोखाधड़ी का मामला दर्ज हुआ था। हालांकि इसके अलावा नशा तस्करी का दोनों पर पहला ही मामला दर्ज हुआ है। इससे पहले वो कभी पुलिस की पकड़ में नहीं आए।