लुधियाना में ड्यूटी से लौट रहे युवक पर टूट पड़े आवारा कुत्ते, बेहोशी की हालत में अस्तपाल भर्ती
लुधियाना के ढंडारी इलाके में ड्यूटी से लौट रहे एक युवक पर आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया। बचने के लिए भागा युवक हड़बड़ाहट में गिर गया और कुत्तों ने उसे बुरी तरह नोच लिया। हमले से वह बेहोश हो गया और लोगों ने उसे सिविल अस्पताल पहुंचाया।
लुधियाना, जेएनएन। शहर में आवारा कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा। शहर के हर कोने में कुत्ते इंसानों को अपना शिकार बना रहे हैं और नगर निगम अफसर कानून की दुहाई देकर हाथ पर हाथ धरे बैठे हैं। रविवार देर रात ढंडारी में एक युवक फैक्ट्री में ड्यूटी करके घर लौट रहा था, तो करीब एक दर्जन कुत्तों ने उस पर हमला कर दिया।
युवक कुमदेश कुमार जान बचाने के लिए वहां से भाग रहा था कि घबराहट में वह नीचे गिर गया और कुत्ते उस पर झपट पड़े। उसके चीखने परकुछ कुत्ते भाग गए, लेकिन एक कुत्ते ने उसे तब भी नहीं छोड़ा। इसके बाद आसापास के लोगों ने उसे कुत्ते से छुड़ाया और वह तब तक बेहोश हो चुका था। आसापास के लोगों ने 108 एंबुलेंस को बुलाकर उसे सिविल अस्पताल पहुंचाया। देर रात तक वह बेहोश रहा और जब होश में आया तो उसने अपने घर में सूचना दी।
कुत्तों के काटने से बेहोश हो गया युवक
कुमदेश कुमार ने बताया कि वह लोहा फैक्ट्री में काम करता है। रविवार रात को करीब नौ बजे वह ढंडारी अपने कमरे पर जा रहा था, तो रास्ते में कुछ कुत्ते उसके पीछे पड़ गए। जब कुत्ते उसे काटने लगे तो वह दौड़ने लगा। कुछ दूर दौड़ने के बाद ठोकर खाकर वह नीचे गिर गया और उसके बाद कुत्तों ने उसे नोचना शुरू कर दिया। कुत्तों के काटने से वह बेहोश हो गया था और जब उसे होश आया तो वह सिविल अस्पताल में था। उसने बताया कि होश में आने पर उसने अपनी पत्नी को सूचना दी। उसके बाद उसकी बहन व अन्य रिश्तेदार सिविल अस्पताल उसका पता लेने पहुंचे।
ढंडारी इलाके में कुत्तों की भरमार
कुमदेश की बहन स्नेह लता ने बताया कि जब वह देर तक घर नहीं आया तो उन्हें लगा कि वह फैक्ट्री में ओवर टाइम कर रहा है। लेकिन देर रात पता चला कि उसे कुत्तों ने बुरे तरीके से काट लिया है और वह अस्पताल में है। उन्हाेंने कहा कि ढंडारी इलाके में कुत्तों की भरमार है और इस इलाके में ज्यादातर मजदूर हैं जिन्हें यह कुत्ते अपना शिकार बनाते हैं। उन्होंने नगर निगम से मांग की है कि ढंडरी इलाके से भी इन कुत्तों को उठाया जाए ताकि लागों इनके आतंक से राहत मिल सके।