लुधियाना में स्विफ्ट और ऑटो में ज्यादा संख्या में सवारियां ले जा रहे दो लोग गिरफ्तार
जरूरत से ज्यादा संख्या में सवारियों को ले जा रहे कार व आटो रिक्शा चालक को लुधियाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनके खिलाफ दो केस दर्ज करके छानबीन की जा रही है। एक मामला स्विफ्ट डिजायर कार से जुड़ा है जबकि दूसरा ऑटो में ओवरक्राउडिंग का है।
लुधियाना, जेएनएन। सरकारी आदेश के बावजूद ज्यादा संख्या में सवारियां ले जा रहे कार व ऑटो रिक्शा चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उनके खिलाफ केस दर्ज करके मामले की छानबीन की जा रही है। पहले मामले में स्विफ्ट डिजायर कार में 5 सवारियों को बिठाकर ले जा रहे व्यक्ति को थाना पीएयू पुलिस ने गिरफ्तार किया है। एसआइ बलविंदर सिंह ने बताया कि आरोपित की पहचान डेयरी कांप्लेक्स स्थित पंज पीर रोड के राजिंदर कुमार के रूप में हुई। उधर, जरूरत से ज्यादा सवारियों को बिठाकर ले जा रहे ऑटो रिक्शा चालक को थाना कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। एएसआइ गुरमीत सिंह ने बताया कि आरोपित जोधेवाल के एकजोत नगर का राकेश चंद है।
लॉकडाउन में शराब बेच रहे ठेका कारिंदाें पर केस दर्ज
लुधियाना। रविवार को लॉकडाउन के दौरान भी शराब के ठेकों में काम करने वाले कारिंदों ने शराब बेचने का काम जारी रखा। पुलिस ने तीन ऐसे ठेकों में काम करने वाले अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज करके उनकी तलाश शुरू की है। थाना लाडोवाल पुलिस ने गांव बौंकड़ डोगरां स्थित शराब ठेके में काम करने वाले अज्ञात कारिंदे पर केस दर्ज किया है। एएसआइ सुखदेव सिंह ने बताया कि आरोपित ठेके के शटर के सूराख से शराब बेच रहा था। थाना सलेम टाबरी पुलिस ने गांव भोरा स्थित ग्रीनलैंड स्कूल के पास बजाज एंड कंपनी वाइन शाप में काम करने वाले अज्ञात व्यक्ति पर केस दर्ज किया है। एसआइ मनजीत सिंह ने बताया कि आरोपित वहां खुलेआम शराब बेच रहा था। थाना डिवीजन नंबर 3 पुलिस ने सीएमसी चौक में स्थित शराब के ठेके के अज्ञात कारिंदे पर केस दर्ज किया है। एएसआइ सुरजीत सिंह ने बताया कि आरोपित शराब बेच रहा था।