स्मैक तस्करी के मामले में 13 साल से भगोड़ा काबू, पुलिस ने राजगुरु नगर में दबिश देकर दबोचा
इंस्पेक्टर बेअंत जुनेजा ने बताया कि भगोड़ा अमरजीत सिंह को थाना लाडोवाल पुलिस ने 2008 में स्मैक तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया था। जेल से जमानत पर रिहा हाेने के बाद वह फरार हो गया था। पुलिस से बचने के लिए वो पता बदल कर रह रहा था।
लुधियाना, जेएनएन। स्मैक तस्करी मामले में 13 साल से भगोड़ा चल रहे आरोपित को पंजाब पुलिस की स्पेशल ब्रांच टीम ने गिरफ्तार किया है। उसे मंगलवार अदालत में पेश किया जाएगा। इंस्पेक्टर बेअंत जुनेजा ने बताया कि भगोड़े की पहचान बीआरएस नगर के 42 वर्षीय अमरजीत सिंह के रूप में हुई। थाना लाडोवाल पुलिस ने 2008 में उसे स्मैक तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया था। जेल से जमानत पर रिहा हाेने के बाद वह फरार हो गया था। उसके बाद उसने बीआरएस नगर का मकान बेच दिया और हरियाणा में शिफ्ट हो गया। पुलिस से बचने के लिए वो पता बदल-बदल कर रह रहा था।
सोमवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि वो राजगुरु नगर में आया हुआ है। इस पर दबिश देकर उसे काबू कर लिया गया। बेअंत जुनेजा ने कहा कि आरोपित के खिलाफ 2011 में एक और केस दर्ज हुआ था, जिसमें अतिरिक्त सेशन जज एसके अरोड़ा की अदालत उसे भगोड़ा करार दे चुकी है। पुलिस दोनों मामलों में उसकी गिरफ्तारी डाल रही है।