लुधियाना में बाथरूम जाने के बहाने पुलिस को चकमा दे थाने से भागा चोर दबोचा, जेल भेजा
बाथरूम जाने के बहाने थाने से फरार हुए चोरी के आरोपित को थाना दरेसी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को आरोपित को अदालत में पेश किया गया। यहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
लुधियाना, जेएनएन। बाथरूम जाने के बहाने थाने से फरार हुए चोरी के आरोपित को थाना दरेसी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को आरोपित को अदालत में पेश किया गया। यहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। एसएचओ दविंदर सिंह ने बताया कि आरोपित की पहचान राहों रोड के बलदेव नगर निवासी वीनू उर्फ मोनू के रूप में हुई है। 29 जनवरी को एएसआइ जसविंदर सिंह ने उसे चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया था।
आरोपित के कब्जे से हौजरी कपड़े के दो थान व एक छोटा हाथी टेंपो बरामद किया था। अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजने के निर्देश जारी कर दिए। मगर कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट आने तक उसे थाने में ही रखा जाना था। 30 जनवरी की शाम वो बाथरूम जाने के बहाने पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। जिसके बाद उसके खिलाफ एक और केस दर्ज किया गया। सोमवार सुबह गुप्त सूचना के आधार पर उसे काबू कर लिया गया है। आरोपित मेहरबान चुंगी के पास किसी का इंतजार कर रहा था।
यह है मामला
थाना दरेसी पुलिस ने 27 जनवरी को रिशी नगर निवासी साहिल अंसारी की शिकायत पर एक केस दर्ज किया था। इसमें साहिल अंसारी ने बताया कि बाजवा नगर पुली के पास गुरु नानक देव नगर में उनकी निट इंडिया क्लाथिंग के नाम से फैक्ट्री है। 23 जनवरी की रात नौ बजे वो फैक्ट्री बंद करके अपने घर चले गए। अगली सुबह आठ बजे आकर चेक किया तो फैक्ट्री के ताले टूटे हुए थे। गोदाम में पड़े कपड़े के 47 थान चोरी हो चुके थे। मामले की जांच के दौरान आरोपित वीनू को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपित वीनू के चार अन्य साथियों की पुलिस को तलाश है।