Alcohol Smuggling : लुधियाना में शराब, अफीम व हेरोइन की तस्करी करते कई आरोपित गिरफ्तार
Alcohol Smuggling शहर में अवैध शराब की तस्करी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। जिले के अलग-अलग स्थानों में शराब अफीम व हेरोइन की तस्करी करते आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस मामलाें की जांच कर रही है।
लुधियाना, जेएनएन। शहर के अलग-अलग स्थानों में शराब, अफीम व हेरोइन की तस्करी करते आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पहले मामले में थाना सलेम टाबरी की पुलिस ने शराब तस्करी के मामले में गांव भटीयां निवासी मनमोहन सिंह पर मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार तीन फरवरी को उनकी टीम जालंधर बाइपास पर मौजूद थी। जहां आरोपित एक वजनदार थैला लेकर आता दिखाई दिया। जो पुलिस को देखकर घबरा गया। पुलिस ने जब उसकी तलाशी ली तो उसके कब्जे से 14 बोतल शराब बरामद हुई।
यह भी पढ़ें-लुधियाना में लूटपाट की योजना बनाते तीन आरोपित चढ़े पुलिस के हत्थे, दो की तलाश जारी
वहीं दूसरे मामले में थाना डिवीजन नंबर तीन की पुलिस ने खुडड मोहल्ला निवासी परमिंदर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार उन्हें सूचना मिली थी कि आरोपित शराब बेचने का नाजायज काम करता है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं तीसरे मामले में थाना डिवीजन नंबर दो की पुलिस ने अफीम के साथ दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
आरोपितों के नाम प्रताप सिंह वाला निवासी भवानी सिंह व दशमेश नगर निवासी मनी सिंह है। एएसआइ मुख्त्यार सिंह ने बताया कि उनकी पुलिस टीम सिविल अस्पताल के समीप मौजूद थी। आरोपित ईशा नगरी पुली की साइड से आते दिखाई दिए। जब उनकी तलाशी ली गई तो उनके कब्जे से 450 ग्राम अफीम बरामद हुई।
वहीं थाना डेहलों की पुलिस ने हेरोइन तस्करी के मामले में गांव लापरां निवासी बरिंदर सिंह व गुरिंदर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार उनकी टीम 3 फरवरी को ताज पैलेस के समीप मौजूद थी। जहां उन्होंने उन्हें आरोपितों के बारे में सूचना मिली। आरोपित अपनी स्कूटी पर सवार होकर निकल रहे थे। जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 20 ग्राम हेरोइन बरामद की।