लुधियाना में अदालत से डिसमिस अहलमद गिरफ्तार, हत्या मामले के कागजात गायब करने का है आरोप
सितंबर 2014 में साहनेवाल के एक गांव में गुरजीत सिंह नाम के व्यक्ति की 5 लोगों ने गोलियां और तेजधार हथियार मारकर हत्या कर दी थी। सुनवाई के दौरान पीड़ित पक्ष से संबंधित दस्तावेज फाइल से गायब मिले थे।
लुधियाना, जेएनएन। थाना डिवीजन नंबर पांच के अधीन आते चौकी कोर्ट कांप्लेक्स की पुलिस ने अदालत की ओर से डिसमिस किए गए अहलमद को गिरफ्तार किया है। उस पर आरोप है कि उसने हत्या के एक मामले की जांच रिपोर्ट फाइल से गायब कर दी थी। उसके खिलाफ पौने दो साल पहले यह मामला दर्ज हुआ था। चौकी प्रभारी एएसआई कुलदीप सिंह ने बताया कि सेशन जज ने एडिशनल सेशन जज की अदालत में अहलमद मोहाली निवासी राजिंदर सिंह के खिलाफ अपराधिक मामला दर्ज करने के आदेश दिए थे।
इसके बाद, पुलिस ने थाना डिवीजन नंबर पांच में 28 दिसंबर, 2018 को हरजिंदर सिंह के खिलाफ अपराधिक मामला दर्ज किया था। हालांकि राजिंदर सिंह इसके खिलाफ हाई कोर्ट चला गया था। उसने खुद पर गलत मामला दर्ज करने का आरोप लगाया था। उसने कहा था कि विभाग में उसकी सुनवाई नहीं हो रही है। अदालत के आदेश के बाद पुलिस ने राजिंदर सिंह को गिरफ्तार कर उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। पुलिस यह पता लगाना चाहती है कि उसने यह जांच रिपोर्ट और बाकी दस्तावेज किसे दिए हैं या फिर उन्हें नष्ट कर दिया है।
बता दें कि सितंबर, 2014 में साहनेवाल के एक गांव में गुरजीत सिंह नाम के व्यक्ति की 5 लोगों ने गोलियां और तेजधार हथियार मारकर हत्या कर दी थी। वह दो पक्षों में हुए झगड़े को सुलझाने गया था और इसी दौरान उस पर कातिलाना हमला हुआ था। फोर्टिस अस्पताल में उसकी मौत हो गई थी। थाना साहनेवाल पुलिस ने 9 सितंबर, 2014 को गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी, दिलप्रीत सिंह, गुरदीप सिंह, रविंदर सिंह उर्फ रवि, भारती सिंह और सनी नामक युवकों के खिलाफ हत्या और असलहा एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था।
इस मामले की सुनवाई एडीशनल सेशन जज की अदालत में चल रही थी। इसी दौरान यह बात सामने आई थी कि अदालत की फाइल से पीड़ित पक्ष की ओर से करवाई गई जांच और अन्य कागजात गायब हो गए हैं। यहां सुनवाई नहीं होने के बाद उनकी ओर से हाईकोर्ट में इस संबंध में अपील भी की थी। हाईकोर्ट के आदेश के बाद इस मामले की जांच की गई थी। चौकी प्रभारी कुलदीप सिंह के अनुसार अभी इस मामले की जांच की जा रही है और आरोपित से पूछताछ के बाद पता चल पाएगा कि उसने यह कागज कहां रखे हैं या नष्ट कर दिए हैं।
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें