लुधियाना के जुगियाना में मकान से मोबाइल चोरी कर भाग रहे चोर को लोगों ने दबोचा, दो साथी फरार
लुधियाना के जुगियाना में लोगों ने एक मकान से मोबाइल चोरी करके भाग रहे एक व्यक्ति को पकड़ लिया। वहीं उसके दो साथी भागने में कामयाब रहे। लोगों ने पकड़े गए बदमाश की जमकर पिटाई की और बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
लुधियाना, जेएनएन। शहर के जुगियाना इलाके के बिहारी चौक स्थित एक मकान में घुसकर मोबाइल चोरी कर रहे गिरोह के एक सदस्य को लोगों ने मौके पर ही पकड़ लिया। जबकि उसके दो साथी फरार होने में सफल हो गए। पकड़े गए बदमाश की जमकर पिटाई करने के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
अब थाना साहनेवाल पुलिस ने तीनों के खिलाफ केस दर्ज करके फरार हुए दोनों बदमाशों की तलाश में छापामारी शुरू कर दी है। पकड़े गए आरोपित को रविवार अदालत में पेश किया गया। जहां से दो दिन का रिमांड हासिल करने के बाद कड़ी पूछताछ की जा रही है। एसआई हरपाल सिंह ने बताया कि आरोपित की पहचान ग्यासपुरा की मक्कड़ कालोनी निवासी रणवीर सिंह के रूप में हुई। ग्यासपुरा के अंबेडकर नगर निवासी कल्लू तथा शिमला पुरी के परवीन कुमार की पुलिस को तलाश है। पुलिस ने जुगियाना के बिहारी चौक स्थित मंटू लाला के बेहड़े में रहने वाले विष्णु कुमार की शिकायत पर उनके खिलाफ केस दर्ज किया।
विष्णु ने बताया कि शनिवार दोपहर उसकी भाभी रूपा देवी उसके कमरे में उसके लिए खाना देने के लिए आई थी। उसी दौरान तीनों बदमाश उसकी भाभी के कमरे में घुस गए। आरोपितों ने वहां पड़ा मोबाइल फोन उठाया और बाहर की और भागे। उनके शोर मचाने पर जमा हुए लोगों ने रणवीर सिंह को मौके पर ही पकड़ लिया। जबकि अन्य दो पैदल भाग गए। रणवीर के कब्जे से चोरी किया गया मोबाइल फोन तथा उसका हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद कर लिया गया है। हरपाल सिंह ने कहा कि रणवीर सिंह पर इससे पहले भी चोरी के 3 पर्चे दर्ज हैं। उससे की जा रही पूछताछ में अहम खुलासे होने की संभावना है।