अज्ञात वाहन ने दो राहगीरों को रौंदा, एक की मौत, दूसरा जख्मी
ग्यासपुरा के सुआ रोड इलाके में किसी तेज रफ्तार वाहन ने पैदल जा रहे दो लोगों को कुचल दिया। इससे एक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार होने में सफल हो गया।
जागरण संवाददाता, लुधियाना : ग्यासपुरा के सुआ रोड इलाके में किसी तेज रफ्तार वाहन ने पैदल जा रहे दो लोगों को कुचल दिया। इससे एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार होने में सफल हो गया। थाना साहनेवाल की कंगनवाल चौकी पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया। घायल को इलाज के लिए अरोड़ा न्यूरो सेंटर में भर्ती कराया गया है।
एएसआइ कुलविदर सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान ग्यासपुरा निवासी 32 वर्षीय रामपाल के रूप में हुई। वो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोंडा के वजीरगंज का रहने वाला था। वह ग्यासपुरा स्थित दविदरा फैक्ट्री में मजदूरी का काम करता था और उसी फैक्ट्री में रहता था। हादसे में घायल होने वाला रितेश कुमार भी वजीरगंज का रहने वाला है। घटना रविवार शाम चार बजे की है। किसी तेज रफ्तार वाहन ने उन दोनों को उस समय अपनी चपेट में ले लिया। जब वह किसी काम से जा रहे थे। कुलविदर सिंह ने कहा कि जब वो मौके पर पहुंचे तो वहां लोगों की भीड़ लगी हुई थी। मगर पूछने पर किसी ने नहीं बताया कि हादसा कैसे और कौन से वाहन से हुआ है। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की जा रही है।