ऑटो चालक की हत्या कर दंपती ने शव पेड़ से लटकाया
दशमेश नगर स्थित एमआईजी फ्लैट्स में अवैध संबंधों के चलते दंपती ने ऑटो चालक की हत्या कर शव पेड़ से लटका दिया। रविवार सुबह पेड़ से लटकता शव मिलने से सनसनी फैल गई। लोगों ने इसकी सूचना मृतक बंटी (35) के परिवार व पुलिस को दी। सूचना मिलते ही एडीसीपी 2 संदीप शर्मा और थाना शिमलापुरी की पुलिस मौके पर पहुंची।
जागरण संवाददाता, लुधियाना : दशमेश नगर स्थित एमआईजी फ्लैट्स में अवैध संबंधों के चलते दंपती ने ऑटो चालक की हत्या कर शव पेड़ से लटका दिया। रविवार सुबह पेड़ से लटकता शव मिलने से सनसनी फैल गई। लोगों ने इसकी सूचना मृतक बंटी (35) के परिवार व पुलिस को दी। सूचना मिलते ही एडीसीपी 2 संदीप शर्मा और थाना शिमलापुरी की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच के बाद आरोपित भीम और उसकी पत्नी सविता के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। दंपती फिलहाल फरार है।
एडीसीपी संदीप शर्मा ने बताया कि बंटी पहले आरोपित भीम के साथ कबाड़ का काम करता था। इसी कारण उसका आरोपित के घर आना-जाना था। इस दौरान उसके आरोपित की पत्नी से अवैध संबंध बन गए। पता चलने पर दोनों की बिगड़ गई। लिहाजा बंटी कबाड़ का काम छोड़कर ऑटो चलाने लगा था। शनिवार रात बंटी शराब पीकर आरोपितों के घर पहुंच गया। जहां भीम अलग कमरे में था, जबकि पत्नी सविता दूसरे कमरे में। बंटी सविता के कमरे में चला गया। जहां पीछे से भीम आ गया और दोनों पति-पत्नी ने मिलकर उसके सिर में तेजधार चीज से वार किया। जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपितों ने उसके शरीर को उसके घर के पास एक पेड़ पर लटका दिया और फरार हो गए। सुबह जब परिवार ने देखा तो पुलिस को सूचना दी। हत्या को बनाना चाहा आत्महत्या
हत्या करने के बाद आरोपितों ने इस मामले को आत्महत्या का रूप देना चाहा। उन्होंने शव को रातों-रात पेड़ से लटका दिया। लेकिन बंटी के सिर से बह रहे खून और पोस्टमार्टम ने खुलासा कर दिया कि उसकी हत्या की गई और फिर उसे लटकाया गया।