विधायक संधवा ने खुलवाई आप नेता ग्यासपुरा की भूख हड़ताल
पायल में आम आदमी पार्टी के हलका इंचार्ज मनविदर सिंह ग्यासपुरा की तरफ से मुंहखुर की बीमारी से मरे पशुओं के मालिकों को मुआवजा देने के लिए की जा रही हड़ताल आखिर खत्म हो गई।
जागरण संवाददाता, पायल (खन्ना) : पायल में आम आदमी पार्टी के हलका इंचार्ज मनविदर सिंह ग्यासपुरा की तरफ से मुंहखुर की बीमारी से मरे पशुओं के मालिकों को मुआवजा देने के लिए की जा रही हड़ताल आखिर खत्म हो गई। शुक्रवार की देर रात आप विधायक कुलतार सिह संधवा ने पानी पिलाकर ग्यासपुरा की हड़ताल खुलवाई। हालांकि हड़ताल खुलवाने के लिए आप नेताओं हरपाल सिंह तीमा, कुलतार सिंह संधवा और सरवजीत कौर मानूके का दोपहर को पहुंचने का कार्यक्रम था, लेकिन संधवा ही देर शाम पहुंचे और उसके बाद हड़ताल तुड़वाई गई।
विधायक संधवा ने पहले एसडीएम पायल मनकंवल सिंह चाहल से बात की। एसडीएम ने भरोसा दिलाया कि पशुओं की मौत के मामले में विभाग को रिपोर्ट भेजी जाएगी। इसके बाद ही उन्होंने ग्यासपुरा को हड़ताल तोड़ने के लिए भी मना लिया। संधवा ने कहा कि लोग कांग्रेस के कुशासन और धक्केशाही का जवाब 2022 के विधानसभा चुनाव में देंगें। इस मौके पर पूर्व विधायक जगजीवन सिंह खिरनिया, खन्ना से आप के पूर्व हलका इंचार्ज अनिल दत्त फल्ली, जसवंत सिंह गज्जणमाजरा, प्रदीप सिंह खालसा, रूपिदर सिंह मुंडी, बूटा सिंह राणो, नरिदर पाल सिंह भी मौजूद रहे।