हरिद्वार महाकुंभ में खन्ना से जाएंगे कपड़े के पांच हजार थैले
हरिद्वार में चल रहे महाकुंभ में पर्यावरण संरक्षण का लक्ष्य लेकर चली हरियावल पंजाब संस्था की तरफ से खन्ना से पांच हजार कपड़े के थैले भेजे जाएंगे।
जागरण संवाददाता, खन्ना : हरिद्वार में चल रहे महाकुंभ में पर्यावरण संरक्षण का लक्ष्य लेकर चली हरियावल पंजाब संस्था की तरफ से खन्ना से पांच हजार कपड़े के थैले भेजे जाएंगे। खास बात यह है कि संस्था की महिला सदस्यों की तरफ से अपने हाथों से इन थैलों का निर्माण किया जा रहा है। इसे लेकर संस्था के सदस्यों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। इसके साथ ही खन्ना की अन्य समाजसेवी संस्थाएं भी अपना सहयोग दे रही हैं।
हरियावल पंजाब के खन्ना जिला संयोजक एडवोकेट आशु लटावा ने बताया कि उनकी संस्था काफी समय से पर्यावरण संरक्षण के अपने अभियान में जुटी है। इसे लेकर संस्था ने कईं छोटे व बड़े लक्ष्य निर्धारित किए हैं। इन दिनों प्लास्टिक के इस्तेमाल के खिलाफ लोगों को जागरूक करने का अभियान चल रहा है। इसके तहत हरिद्वार में चल रहे महाकुंभ के दौरान प्लास्टिक के कम से कम इस्तेमाल पर संस्था जोर दे रही है।
उन्होंने बताया कि खन्ना में संस्था की महिला सदस्यों की तरफ से अपने घरों में कपड़े के थैले बनाए जा रहे हैं। करीब एक दर्जन महिलाएं अपनी नियमित दिनचर्या से समय निकाल कर इसके लिए मेहनत कर रही हैं। मार्च माह में ही थैलों की खेप महाकुंभ में भेज दी जाएगी। लटावा ने बताया कि 22 मार्च को विश्व जल संरक्षण दिवस मनाया जाना है। उस दिन जल संरक्षण को लेकर लोगों को जागरूक करने का काम भी संस्था करेगी।