बाइक चोरी गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार
जागरण संवाददाता, लुधियाना: थाना साहनेवाल पुलिस ने डकैती की योजना बना रहे बाइक चोर गिरोह के च
जागरण संवाददाता, लुधियाना: थाना साहनेवाल पुलिस ने डकैती की योजना बना रहे बाइक चोर गिरोह के चार सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की 6 बाइक, एक स्कूटी, दो कृपाण और एक रॉड बरामद हुई है। आरोपियों की पहचान यूपी के महाराजगंज निवासी राजेश कुमार, महिंदर साहनी, धर्मेद्र साहनी और छपरा बिहार निवासी दीपू सिंह के रूप में हुई है। चारों आरोपी साहनेवाल स्थित गांव जंडियाली में रहते हैं। थाना साहनेवाल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया। जहां अदालत ने उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
एडीसीपी-4 राजवीर सिंह ने बताया कि बुधवार को पुलिस ने गांव रामगढ़ में नाकाबंदी की हुई थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि बाइक चोरी करने वाले गिरोह के चार सदस्य साहनेवाल एयरपोर्ट रोड पर स्थित गैस गोदाम के पीछे खाली प्लांट में डकैती की योजना बना रहे हैं। पुलिस ने छापेमारी कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से हथियारों के अलावा चोरी की 6 बाइक और एक स्कूटी बरामद हुई। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वे लोग नशे के आदि हैं। नशे की पूर्ति के लिए सुनसान इलाकों से बाइक और अन्य वाहन चुरा लेते थे। चारों पिछले काफी समय से वाहन चोरी की वारदातें करते आ रहे हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी हुई है। आरोपियों से और भी कई खुलासे होने की संभावना है।