लुधियाना में घनी धुंध व कड़ाके की ठंड, 17 साल बाद 15 जनवरी का तापमान 12.6 डिग्री तक पहुंचा
लुधियाना के शहरी इलाकों में विजिबिल्टी 20 से 30 मीटर के बीच पहुंच चुकी है। वहीं देहाती क्षेत्रों और हाइवे पर विजिबिल्टी 10 मीटर के आसपास रही। इस वजह से राहगीरों को काफी परेशानी आई। धुंध ने वाहनों की गति को धीमा कर दिया।
लुधियाना, जेएनएन। शीतलहर और बादलों की मौजूदगी की वजह से महानगर कड़ाके की ठंड की जद में है। पिछले दो दिनों से ठंड कंपकंपी छुड़ा रही है। शुक्रवार को महानगर में ठंड ने अपना रौद्र रूप दिखाया। दोपहर 12 बजे तक घनी धुंध छाई रही।
शहरी इलाकों में जहां विजिबिल्टी 20 से 30 मीटर के बीच रही, वहीं देहाती क्षेत्रों और हाइवे पर विजिबिल्टी 10 मीटर के आसपास थी। जिससे राहगीरों को काफी परेशानी आई। धुंध ने वाहनों की गति को धीमा कर दिया। वहीं दूसरी तरफ करीब छह से सात किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सर्द हवाएं चली। जिसकी वजह से गर्म कपड़े पहनने के बाद भी लोगों को सिहरन महसूस हो रही थी।
ठंड की वजह से लोगों की मुटठी बंद हो रही थी। दोपहिया वाहन चालक ठंड की मार से बेदम दिखाई दे रहे थे। हालांकि करीब डेढ़ बजे हल्की धूप निकल आई थी। लेकिन तीन बजे के बाद सूर्य देच बादलों में छिप गए। पीएयू मौसम विभाग के अनुसार साल 2003 के बाद पहली बार 15 जनवरी को दिन का तापमान (अधिकतम तापमान) लुढ़ककर 12 डिग्री सेलिसयस तक आ गया, जो कि सामान्य से पांच डिग्री सेलिसयस कम रहा। हालांकि न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेलिसयस रहा, जो कि सामान्य से एक डिग्री अधिक था।
पीएयू मौसम विभाग की प्रमुख डा. प्रभजोत कौर सिद्धू के अनुसार सोमवार तक जिले में शीतलहर चलेगी। शहर में सुबह के समय घनी धुंध का सामना करना होगा। बादल छाएं रहने की संभावना है। छह से सात किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं। ऐसे में लोगों को ठंड से अपना बचाव करके रखना चाहिए।
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें