दो और वार्डो में शुरू होगा कूड़े का डोर टू डोर क्लेक्शन
राजेश भट्ट, लुधियाना नगर निगम ने ए टू जेड कंपनी को करीब 7 साल पहले शहर में कूड़ा क्लेक्शन व लिफ्टिं
राजेश भट्ट, लुधियाना
नगर निगम ने ए टू जेड कंपनी को करीब 7 साल पहले शहर में कूड़ा क्लेक्शन व लिफ्टिंग की जिम्मेदारी सौंपी। लेकिन सफाई सेवकों के विरोध की वजह से शहर में अभी तक सिर्फ 30 से 35 फीसद इलाके में ही कंपनी डोर टू डोर कूड़ा क्लेक्शन कर पा रही है। एक वार्ड की बात करें तो कैबिनेट मंत्री भारत भूषण आशु की पत्नी ममता आशु का वार्ड ही ऐसा है जिसमें कंपनी 100 फीसद कूड़ा डोर टू डोर क्लेक्ट कर रही है। अब निगम दो और वार्डो में इस प्रोजेक्ट को लागू करने की योजना बना रहा है। इसके लिए मेयर ने कंपनी के अधिकारियों की बैठक बुलाई है।
नगर निगम ने 2011 में ए टू जेड कंपनी को शहर में कूड़ा एकत्रित करने और कूड़े को डंप तक पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी थी। कंपनी ने घर-घर जाकर कूड़ा एकत्रित करना था। लेकिन सफाई कर्मचारी संगठन इसका शुरू से विरोध करते रहे। इसलिए डोर टू डोर क्लेक्शन का काम पूरी तरह से शुरू नहीं हो सका। निगम ने पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर पिछले साल वार्ड नंबर 49 को चुना जो अब वार्ड नंबर 67 हो चुका है। इस वार्ड में 100 फीसद कूड़े की क्लेक्शन कंपनी के कर्मचारी कर रहे हैं। वार्डो के चयन के लिए पार्षदों से मांगेंगे आवेदन
नगर निगम ने अभी उन दो वार्डो का चयन नहीं किया है जहां पर इसे लागू किया जाना है। मेयर की मानें तो वार्डो के चयन के लिए पार्षदों से आवेदन मांगा जाएगा। जो पार्षद इस प्रोजेक्ट में दिलचस्पी दिखाएंगे उनके वार्ड का चयन किया जाएगा। मेरे वार्ड में अब खाली प्लॉट में नहीं दिखता कूड़ा: ममता आशु
वार्ड नंबर 67 की पार्षद ममता आशु ने बताया कि पिछले साल 5 मई से उनके वार्ड में 100 फीसद कूड़े की क्लेक्शन शुरू हुई। डोर टू डोर क्लेक्शन से यह फायदा हुआ कि हर घर से निकलने वाला कूड़ा कंपनी के कर्मचारी ले जाते हैं और उसे सीधे डंप तक पहुंचाते हैं। उन्होंने बताया कि इस प्रोजेक्ट के शुरू होने से उनके वार्ड के खाली प्लॉटों व सड़क पर कूड़ा नहीं दिखता है। उन्होंने कहा कि अगर शहर को साफ सुथरा बनाना है तो इस प्रोजेक्ट को अन्य वार्डो में भी लागू किया जाना चाहिए। मेयर व अफसरों में होगी बैठक
निगम की तरफ से दो और वार्डो में 100 फीसद कूड़ा डोर टू डोर क्लेक्शन करवाने को कहा है। इस बारे में मेयर व निगम अफसरों से जल्दी बैठक की जाएगी। जैसे ही वार्ड नंबर उन्हें दिए जाएंगे वह अपना काम शुरू कर देंगे।
विशांत चौधरी, इंचार्ज एटूजेड कंपनी लुधियाना वार्डो का होना है चयन
हम देखना चाहते हैं कि डोर टू डोर कूड़ा क्लेक्शन से शहर को साफ सुथरा बनाए रखने में कितनी मदद मिलती है। इसके लिए दो वार्डो का चयन किया जाना है। पार्षदों से आवेदन मांगे जाएंगे उसके बाद दो वार्ड चयनित होंगे।
बलकार सिंह संधू, मेयर नगर निगम लुधियाना