Ludhiana Coronavirus Update: लुधियाना में कोरोना से किशोर सहित तीन की मौत, 51 पाजिटिव
अब तक 20096 लोग संक्रमित हो चुके है। राहत की बात है कि इसमें से 19026 मरीजों ने कोरोना को मात दे दी है। इस समय जिले में 236 एक्टिव केस हैं। इसमें से 133 मरीज होम आइसोलेट 21 मरीज सिविल अस्पताल और 34 मरीज प्राइवेट अस्पतालों में भर्ती हैं।
लुधियाना, जेएनएन। जिले में भले ही कोरोना संक्रमण पहले से काफी कम हो गया है, लेकिन मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस माह में नए मामलों और मौत की संख्या में उतार चढ़ाव जारी है। मंगलवार को गांव देतवाल के रहने वाले कोरोना संक्रमित 13 वर्षीय लड़के की मौत हो गई। वह फरीदकोट के सरकारी मेडिकल कालेज में भर्ती था।
इसके अलावा गांव मेलों की रहने वाली साठ वर्षीय महिला ने पीजीआइ चंडीगढ़ और खन्ना की 41 साल की महिला ने भी चंडीगढ़ के एक अस्पताल में दम तोड़ दिया। इसके साथ ही जिले में कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा 831 पहुंच गया है।
दूसरी तरफ कोरोना के 51 नए मामले भी आए। इनमें से दो हेल्थ केयर वर्कर, एक अंडर ट्रायल कैदी और एक गर्भवती महिला भी शामिल है। जिले के अलग-अलग अस्पतालों में 11 मरीज वेंटिलेटर पर हैं। इसमें से पांच लुधियाना और छह दूसरे जिलों के रहने वाले हैं। अब तक 20096 लोग संक्रमित हो चुके है। राहत की बात है कि इसमें से 19026 मरीजों ने कोरोना को मात दे दी है। इस समय जिले में 236 एक्टिव केस हैं। इसमें से 133 मरीज होम आइसोलेट, 21 मरीज सिविल अस्पताल और 34 मरीज प्राइवेट अस्पतालों में भर्ती हैं।