Move to Jagran APP

लुधियाना सीट के प्रत्याशियों की प्राथमिकताओं में बुड्ढा दरिया का कायाकल्प

लोकसभा चुनाव के लिए मतदान को महज दो दिन ही शेष रह गए हैं। इस बार चुनावी रण में 22 उम्मीदवार मैदान में हैं लेकिन मुख्य रूप से मुकाबला चार प्रत्याशियों में ही है।

By Edited By: Published: Fri, 17 May 2019 07:45 AM (IST)Updated: Fri, 17 May 2019 07:45 AM (IST)
लुधियाना सीट के प्रत्याशियों की प्राथमिकताओं में बुड्ढा दरिया का कायाकल्प
लुधियाना सीट के प्रत्याशियों की प्राथमिकताओं में बुड्ढा दरिया का कायाकल्प
जासं, लुधियाना : लोकसभा चुनाव के लिए मतदान को महज दो दिन ही शेष रह गए हैं। इस बार चुनावी रण में 22 उम्मीदवार मैदान में हैं, लेकिन मुख्य रूप से मुकाबला चार प्रत्याशियों में ही है। वीरवार को लुधियाना संसदीय क्षेत्र के उन्हीं चार प्रमुख उम्मीदवारों से दैनिक जागरण की टीम ने जीत के बाद उनकी प्राथमिकताओं को लेकर सवाल-जवाब किए।

अगले पांच साल में पार्टी की नीतियों पर काम कर विकास करवाऊंगाः रवनीत सिंह बिट्टू, कांग्रेस प्रत्याशी

सवाल: क्या चुनाव पार्टी नीतियों पर लड़ रहे हैं या चेहरे पर?
जवाब: मैं चुनाव पार्टी की नीतियों के आधार पर लड़ रहा हूं। लोगों को बुनियादी सुविधाएं प्रदान करते हुए लुधियाना का विकास करवाना हमारी प्राथमिकता है। इससे पहले भी मैंने संसद में लुधियाना के विकास के लिए मुद्दे जोर से उठाए और सबसे ज्यादा सवाल उठाने व डिबेट में भाग लिया। अगले पांच सालों में पार्टी की नीतियों पर काम कर विकास करवाऊंगा।

सवाल : ऐसे तीन कारण क्या हैं कि लोग आपको वोट दें?
जवाब: मुझे वोट देने के तो कई कारण हैं, लेकिन जो प्रमुख हैं, उनमें पिछले पांच सालों में मेरे द्वारा किए गए काम हैं। मैंने सांसद कोटे का हर पैसा खर्च किया। खासकर लोगों को आधारभूत सुविधाएं देने के लिए मैंने जो प्रयास किए, उस पर जनता जरूर वोट देगी। इसके अलावा देश को एक स्वच्छ सरकार देने के लिए कांग्रेस को लाना बहुत जरूरी है, तभी देश की अर्थव्यवस्था एकबार फिर पटरी पर उतरेगी।

सवाल: आप राष्ट्रवाद को इस बार चुनाव में कितना बड़ा मुद्दा मानते हैं?

जवाब: यह चुनाव का मुद्दा नहीं, बल्कि राष्ट्रवाद तो भावनात्मक मुद्दा है और हर भारतीय में देश के प्रति यह रहना चाहिए, लेकिन राजनीतिक दलों ने इसे चुनाव का मुद्दा बना कर लोगों की भावनाओं की कद्र नहीं की। राष्ट्रवाद व सेना एक अलग मुद्दा है और इसे चुनाव से अलग रखा जाना चाहिए था।

सवाल: लुधियाना में पिछले पांच साल में कितना विकास हुआ, क्या मिला और क्या अधूरा रह गया?
जवाब: इन पांच सालों में लुधियाना में विकास के कई काम करवाए गए और कई अभी चल रहे हैं। लोगों को सड़कें प्रदान करने के अलावा स्वास्थ्य और अन्य सेवाएं मुहैया करवाई गई। जगराओं पुल, शहर से गुजरने वाले रेल ट्रैक पर अंडरग्राउंड और ओवर ग्राउंड पाथ और हलवारा एयरपोर्ट का काम चल रहा है और अगले पांच सालों में अधूरे पड़े कामों को पूरा करना है।

सवाल: जीत के बाद लुधियाना के लिए आपकी क्या प्राथमिकता होगी?
जवाब: जगराओं पुल शहर की सबसे बड़ी समस्या है, जिसे चुनाव के तुरंत बाद तय समय सीमा में पूरा करवाया जाएगा। बुड्ढा दरिया के मामले को सिस्टम के साथ हल किया जाएगा। इस दरिया का दूषित पानी आज कई क्षेत्रों के लिए मुसीबत बना हुआ है। सरकारी स्कूलों व अस्पतालों की दशा सुधारने के लिए काम किया जाएगा। इसके अलावा शहर के लिए नए प्रोजेक्ट लाए जाएंगे, ताकि युवाओं को रोजगार मिल सके।

मैं शहर का हूं, समस्याएं जानता हूंः महेश इंदर सिंह गरेवाल (शिअद-भाजपा के सांझे उम्मीदवार)

सवाल : क्या चुनाव पार्टी नीतियों पर लड़ रहे हैं या चेहरे पर?

जवाब: चुनाव हमेशा से ही पार्टी की नीतियों पर लड़ा जाता है और उसी पर लड़ा जाना चाहिए। शिरोमणि अकाली दल और भाजपा के घोषणा पत्र में किए गए वादों के आधार पर ही जनता के बीच गए हैं और उनकी उम्मीदों पर खरा उतरना ही उम्मीदवार का फर्ज होता है।

सवाल : ऐसे तीन कारण क्या हैं कि लोग आपको वोट दें?
जवाब: पिछले दस सालों में कांग्रेस के दो सांसदों ने शहर के विकास के लिए कुछ नहीं किया। भले वह मनीष तिवारी हों या फिर रवनीत सिंह बिट्टू। इन्होंने सिर्फ राजनीति ही की है। खासबात यह है कि दोनों बाहरी उम्मीदवार रहे और उनका शहर से कोई वास्ता नहीं था। मैं चूंकि शहर का रहने वाला हूं। शहर की समस्याएं समझता हूं और उसे प्राथमिकता के आधार पर हल करने में सक्षम हूं। जनता दोनों सांसदों को अच्छी तरह परख चुकी है।

सवाल : आप राष्ट्रवाद को इस बार चुनाव में कितना बड़ा मुद्दा मानते हैं?
जवाब: राष्ट्रवाद चुनाव का मुद्दा हो या नहीं, लेकिन देश सभी के लिए सर्वोपरि है। कांग्रेस की सरकार ने इसे कभी गंभीरता से नहीं लिया। यदि प्रधानमंत्री मोदी इसे गंभीरता से लेते हैं तो इसमें देश भक्ति ही झलकती है।

सवाल: जीत के बाद लुधियाना के लिए आपकी क्या प्राथमिकता होगी? 
जवाब: जीत के बाद सबसे पहले जगराओं पुल का निर्माण करवाया जाएगा, ताकि लोगों को समस्या से निजात मिल सके। शहर के लिए नासूर बन चुके बुड्ढा दरिया को साफ सुथरा बनाना मेरी पहली प्राथमिकता होगी। सरकारी स्कूलों व अस्पतालों को बेहतर कर लोगों को अच्छी शिक्षा व स्वास्थ्य सेवाएं दी जाएंगी। लुधियाना में एयरपोर्ट का निर्माण करवा कर यहां कारोबार को नई उड़ान दी जाएगी।

मैं सामान्य नागरिक हूं, मौका मिलना चाहिएः प्रोफेसर तेजपाल सिंह, आम आदमी पार्टी प्रत्याशी
सवाल: क्या चुनाव पार्टी नीतियों पर लड़ रहे हैं या चेहरे पर?
जवाब : मैं तो चुनाव नीतियों के आधार पर लड़ रहा हूं। लोगों को बुनियादी सुविधाएं जैसे शिक्षा, स्वास्थ्य, पीने का साफ पानी मिलना चाहिए। मैं इसी नीति को लेकर लोगों के बीच जा रहा हूं। इसके साथ विकास की बात कर रहा हूं। दो प्रमुख दल चेहरों पर चुनाव लड़ रहे हैं क्योंकि उनके पास कोई विजन ही नहीं है।

सवाल : ऐसे तीन कारण क्या हैं कि लोग आपको वोट दें?
जवाब : मुझे वोट देने के तीन नहीं कई कारण हैं। मैं एक सामान्य नागरिक हूं और लोगों के बीच रहता हूं। मैं मुद्दों की राजनीति कर रहा हूं। लोगों के बीच मुद्दों पर बात कर रहा हूं। दूसरा कारण मैं किसी पर व्यक्तिगत हमले नहीं कर रहा हूं। मैं जनता के बीच उनकी बात कर रहा हूं। विरोधी क्या करते हैं इससे मुझे कोई लेना देना नहीं है। तीसरा कारण यह है कि जनता केंद्र में दोनों का परख चुकी है। अब एक बार आम लोगों को भी मौका मिलना चाहिए।

सवाल : आप राष्ट्रवाद को इस बार चुनाव में कितना बड़ा मुद्दा मानते हैं?
जवाब: दरअसल राष्ट्रवाद चुनाव का मुद्दा होना ही नहीं चाहिए। राष्ट्रवाद तो भावनात्मक मुद्दा है और हर भारतीय राष्ट्रवाद से जुड़ा है,  लेकिन प्रधानमंत्री ने इसे चुनाव का मुद्दा बना दिया जो कि दुर्भाग्यपूण है। राष्ट्रवाद व सेना को चुनाव से अलग रखा जाना चाहिए था। 

सवाल: जीत के बाद लुधियाना के लिए आपकी क्या प्राथमिकता होगी?
जवाब: बुड्ढा नाला को फिर से बुड्ढा दरिया बनाना मेरी पहली प्राथमिकता होगी। क्योंकि इस वजह से सिर्फ लुधियाना ही नहीं बल्कि सतलुज प्रवाह क्षेत्र के सभी जिले प्रभावित हैं। उसके बाद सरकारी स्कूलों व अस्पतालों की दशा सुधारने के लिए काम किया जाएगा। शहर में हुए अवैध निर्माणों को रोकने और भूमाफिया पर लगाम लगाने पर मेरी प्राथमिकता रहेगी।

लोक इंसाफ पार्टी ने ग्राउंड जीरो पर काम किया है सिमरजीत सिंह बैंस, पंजाब डेमोक्रेटिक अलायंस एवं लोक इंसाफ पार्टी के सांझे उम्मीदवार
सवालः चुनाव पार्टी नीतियों पर लड़ रहे हैं या चेहरे पर?
जवाबः दुर्भाग्य है कि अब नीतियों की बजाए चेहरों को आगे करके चुनाव लड़े जा रहे हैं। चुनाव में सेलिब्रिटी, कलाकार, अभिनेताओं को उतारा जा रहा है। यह गलत है। फिल्मों में किए स्टंट रियल लाइफ में काम नहीं आते। जिन शहीदों ने देश के लिए कुर्बानी दी है, उनके परिवार के सदस्यों को आगे लाना चाहिए, उसका समर्थन किया जा सकता है। नीतियों से ही जनकल्याण किया जा सकता है, चेहरों से नहीं।  

सवालः ऐसे तीन कारण क्या हैं कि लोग आपको वोट दें?
जवाबः पंजाब में लोक इंसाफ पार्टी ने ग्राउंड जीरो पर काम किया है। फेसबुक पर लाइव होकर बड़ी-बड़ी बातें करना आसान है, जबकि ग्राउंड जीरो पर लोगों के लिए काम करना कठिन है। लिप ने पंजाब में भ्रष्टाचार के खिलाफ, लूट माफिया समेत तमाम तरह के माफिया राज के खिलाफ आवाज बुलंद की है। लोगों की समस्याओं को सुन उनका समाधान कराया।

सवालः आप राष्ट्रवाद को इस बार चुनाव में कितना बड़ा मुद्दा मानते हैं?
जवाबः चुनावों में सबसे बड़ा मुद्दा राष्ट्रवाद होना चाहिए। लोग अंदर भारत के संविधान की कसम खाते हैं। बाहर आकर इसके उलट बातें करते हैं। बैंस को भारतीय संविधान में पूर्ण विश्वास है और उनके लिए राष्ट्रवाद अहम है। राष्ट्र की तरक्की के साथ ही जनता की तरक्की संभव है। 

सवालः चुनाव जीतने के बाद आपकी क्या प्राथमिकताएं होंगी?
जवाबः लुधियाना शहर की सबसे बड़ी समस्या बुड्ढा दरिया का प्रदूषण है। चुनाव जीतने के बाद दरिया का कायाकल्प करना प्राथमिकता होगी। इसके अलावा सभी इलाकों में गलियां-नालियां पक्की बना उनका भी कायाकल्प किया जाएगा। इसके अलावा नशे की रोकथाम, भ्रष्टाचार के खिलाफ कारगर उपाय किए जाएंगे। लोगों के काम उनके डोर स्टेप पर ही किए जाएंगे।

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप

loksabha election banner

Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.