पिता नहीं रहे.. लेकिन याद रहा उनका दिखाया रास्ता, लुधियाना के छात्र ने राम मंदिर के लिए 5500 रुपये इकट्ठा कर किए दान
Ayodhya Ram Mandir Donation लुधियाना में इस समय श्री राम मंदिर निर्माण के लिए धन संग्रह अभियान चल रहा है। इसी कड़ी में एक सातवीं कक्षा का छात्र उस समय चर्चा में आ गया जब उसने घर-घर घूमकर राम मंदिर निर्माण के लिए 5500 रुपये इकट्ठा कर मंदिर कमेटी सौंपे।
लुधियाना, जेएनएन। Ayodhya Ram Mandir Donation शहर के एक छात्र ने राम मंदिर निर्माण के लिए अनाेखी मिसाल पेश की है। 7वीं कक्षा के छात्र मोहित ने राम मंदिर निर्माण के लिए घर-घर घूमकर 5500 रुपये की राशि इकट्ठा कर डाली। इस बच्चे का सेवा भाव देख हर कोई उसकी प्रशंसा कर रहा है। गत रविवार को श्री राम मंदिर के भव्य निर्माण को लिए चल रहे धन संग्रह अभियान के लिए कैलाश नगर रोड के साथ लगती नंदा कालोनी, अमृत विहार, जसपाल कालोनी में संध्याफेरी निकाल व शिव शक्ति मंदिर में श्री राम नाम संकीर्तन कर लोगों को जागरूक किया गया। इलाका निवासियों ने संध्याफेरी का पुष्प वर्षा से स्वागत किया।
यह भी पढ़ें-Ayodhya Ram Mandir Donation: लुधियाना की काव्या ने राम मंदिर निर्माण के लिए समर्पित की अपनी गोलक
मंदिर कमेटी व अन्य श्री राम भक्तों द्वारा लगभग 65 हजार रुपये की योगदान राशि जारी की गई। विहिप के कोषाध्यक्ष सुनील धवन ने बताया कि इस सुअवसर की सूचना पाकर इलाका निवासियों ने इस अभियान में सहयोग किया। इस मौके पर मोहित नामक बच्चे द्वारा 5500 रु की राशि घर घर से एकत्रित कर मंदिर कमेटी को सौंपी गई।
पिता की परंपरा निभाने वाले 12 वर्षीय मोहित चंदेल बने प्रेरक उदाहरण
लुधियाना के विशाल कालोनी में रहने वाले मोहित द्वारा किए गए धन संग्रह को लेकर प्रदेश प्रमुख रामगोपाल ने बताया मोहित के परिवार में उनकी मां,बड़ी बहन और एक छोटी बहन है। मोहित 7वीं क्लास में पढ़ता है। मोहित के पिताजी अपना कार्य करने के साथ समाजिक कार्यकर्ता होने के कारण स्थानीय शिव शक्ति मंदिर के सक्रिय सदस्य थे। विगत 30 नवंबर 2018 में अचानक पेट दर्द के बाद आंत फटने के कारण उनका देहांत हो गया। ऐसी कठिन परिस्थिति में बड़ी बहन जो बीए की विद्यार्थी है, प्राइवेट नौकरी करके घर का खर्चा चलाती है। धन संग्रह अभियान की जानकारी मोहित को हुई तो उसने अपने पिता के रास्ते पर चलते हुए अपने गली मोहल्ले में घर-घर जाकर धन संग्रह शुरू किया और 5500 रुपये की राशि एकत्र कर शिव शक्ति मंदिर कमेटी को दी।